क्रिकेट। आईपीएल का अभी साल 2027 का सीजन आया भी नहीं है कि उसके बाद होने वाले टूर्नामेंट के लिए बड़ी खबर सामने आई है। खबर हैकि आईपीएल में दो नई टीमें जुड़ सकती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीसीसीआई लीग के विस्तार पर विचार कर रहा है। इसके चलते 2028 से दो नई फ्रेंचाइजी मैदान में उतर सकती हैं। ऐसा हुआ तो टीमों की संख्या 10 से बढ़कर 12 हो जाएगी। नई टीमों की दौड़ में पुणे और वडोदरा को सबसे आगे माना जा रहा है। हालांकि बातचीत अभी शुरुआती दौर में है। इसलिए शहरों का अंतिम फैसला बदल भी सकता है।
फिलहाल पुणे और वडोदरा आगे
रिपोर्ट्स के अनुसार नई फ्रेंचाइजी के लिए पुणे और वडोदरा का नाम सबसे ऊपर चल रहा है। पुणे के लिए यह कोई नई बात नहीं है। यहां से पहले भी दो टीमें आईपीएल खेल चुकी हैं। पुणे वारियर्स इंडिया ने 2011 से 2013 तक लीग में हिस्सा लिया था। इसके बाद 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट मैदान में उतरी, 2017 में यह टीम फाइनल तक पहुंची। लेकि मुंबई इंडियंस से सिर्फ 1 रन से हार गई।
एक नई टीम की कीमत 8900 करोड़ रुपये से ज्यादा
रिपोर्ट्स का दावा है कि नई फ्रेंचाइजी की कीमत 1 बिलियन डॉलर से ज्यादा हो सकती है। यह करीब 8900 करोड़ रुपये बैठता है। तुलना के लिए देखें तो आरसीबी की हालिया बिक्री 1.78 बिलियन डॉलर की वैल्यूएशन पर हुई। राजस्थान रॉयल्स की बिक्री भी करीब 1.65 बिलियन डॉलर पर हुई। नई टीमों में पैसा लगाने के लिए प्राइवेट इक्विटी फर्म, वेस्ट एशिया के सॉवरेन वेल्थ फंड, अमेरिकी फैमिली ऑफिस और भारतीय कारोबारी समूह दिलचस्पी दिखा रहे हैं। रिपोर्ट में प्राइवेट इक्विटी फर्म परमिरा का नाम भी आया है।
2022 मे कितने में बिकी थी दो टीमें
जानकारी के लिए बता दें कि आईपीएल में पिछली बार 2022 सीजन से पहले दो नई टीमें जुड़ी थीं। लखनऊ सुपर जायंट्स को आरपीएसजी (RPSG) ग्रुप ने 940 मिलियन डॉलर में खरीदा था। गुजरात टाइटंस का मालिकाना हक सीवीसी (CVC) कैपिटल पार्टनर्स को 750 मिलियन डॉलर में मिला था। अब नई टीमों की संभावित कीमत उससे काफी ऊपर बताई जा रही है।
मीडिया राइट्स का भी है कनेक्शन
दो नई टीमों की चर्चा आईपीएल के अगले मीडिया राइट्स चक्र यानी 2028 से 2032 से जुड़ी है। मौजूदा 2023 से 2027 के मीडिया राइट्स 6.2 बिलियन डॉलर में बिके थे। फिर भी टीमें बढ़ाने से पहले बीसीसीआई को कई बातों पर सोचना होगा। खिलाड़ियों की उपलब्धता, इंटरनेशनल क्रिकेट कैलेंडर और ब्रॉडकास्टर्स की दिलचस्पी इनमें अहम हैं। नई टीमें जुड़ने से मैचों की संख्या भी बढ़ेगी और इससे ब्रॉडकास्टिंग की लागत ऊपर जा सकती है।