तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जगह श्रीलंका दौरे के लिए आकिब नबी को भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। जम्मू-कश्मीर के इस गेंदबाज को पहली बार टेस्ट टीम में मौका मिला है।
नई दिल्ली। भारतीय टेस्ट टीम में श्रीलंका दौरे से पहले बड़ा बदलाव किया गया है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के उपलब्ध नहीं होने के बाद बीसीसीआई ने आकिब नबी को टीम में शामिल किया है। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले आकिब अब पहली बार भारतीय टेस्ट टीम की जर्सी के करीब पहुंच गए हैं।
बुमराह की जगह आकिब को मिला मौका
जसप्रीत बुमराह रविवार को टीम से बाहर हुए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह घुटने की परेशानी से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। टीम मैनेजमेंट ने उनके लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर को देखते हुए कोई जोखिम नहीं लेने का फैसला किया। इसके बाद आकिब नबी को टेस्ट टीम में शामिल किया गया।
जम्मू-कश्मीर से चुने जाने वाले पहले खिलाड़ी
23 वर्षीय आकिब नबी भारतीय टेस्ट टीम में चुने जाने वाले जम्मू-कश्मीर के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। इससे पहले परवेज रसूल और उमरान मलिक भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन उन्हें वनडे और टी20 प्रारूप में ही खेलने का मौका मिला था।
रणजी प्रदर्शन ने दिलाई टीम में जगह
आकिब नबी ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में अपनी गेंदबाजी से सबका ध्यान खींचा। उन्होंने 10 मैचों में 60 विकेट हासिल किए, जिसमें सात बार पांच विकेट लेने का प्रदर्शन शामिल रहा। पिछले दो रणजी सीजन में उनके नाम कुल 104 विकेट हैं। इनमें पिछले सीजन के 44 और मौजूदा सीजन के 60 विकेट शामिल हैं। नॉकआउट मुकाबलों में भी आकिब का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। उन्होंने क्वार्टरफाइनल में मध्य प्रदेश, सेमीफाइनल में बंगाल और फाइनल में कर्नाटक के खिलाफ अहम विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी खिताब जीतने में मदद की।
इंडिया ए के साथ भी श्रीलंका दौरे पर थे आकिब
भारतीय टेस्ट टीम में शामिल होने से पहले आकिब नबी इंडिया ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर गए थे। वहां उन्होंने दो प्रथम श्रेणी मुकाबलों में छह विकेट हासिल किए थे। उनके हालिया प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें टेस्ट टीम में मौका दिया है।
शुभमन गिल संभालेंगे टीम की कमान
श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे, जबकि केएल राहुल उपकप्तान की भूमिका में होंगे। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल संभालेंगे। यह सीरीज भारत के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।