भोपाल। दीपावली और छठ महापर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन तीन विशेष ट्रेनें चलाएगा। इनमें एलटीटी दानापुर अनारक्षित स्पेशल, एलटीटी गोरखपुर स्पेशल और पुणे दानापुर वन वे स्पेशल शामिल हैं। ये ट्रेनें भोपाल मंडल के इटारसी, भोपाल और बीना स्टेशनों पर ठहराव लेकर चलेंगी।
तीनों ट्रेनों में करीब 6 हजार यात्री कर सकेंगे सफर
पश्चिम मध्य रेलवे के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि इन तीनों ट्रेनों से लगभग 6 हजार यात्री एक साथ सफर कर सकेंगे। इनमें आरक्षण शुरू कर दिया गया है और यात्री इनका लाभ ले सकते हैं। समय सारणी, ठहराव और दूसरी विस्तृत जानकारी के लिए यात्री रेलवे की अधिकृत पूछताछ सेवा रेल मदद 139 या एनटीईएस ऐप और वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं।
एलटीटी दानापुर अनारक्षित स्पेशल का समय
गाड़ी संख्या 01025 एलटीटी से मंगलवार 10 नवंबर को रात 23.55 बजे रवाना होगी। यह 11 नवंबर को भोपाल मंडल के इटारसी स्टेशन पर 14.04 बजे पहुंचेगी और 14.07 बजे आगे बढ़ेगी। इसके बाद 12 नवंबर को 10.30 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में 01026 दानापुर से 12 नवंबर को 13.30 बजे चलेगी। यह 13 नवंबर को इटारसी में 10.01 बजे पहुंचकर 10.06 बजे रवाना होगी और उसी दिन 23.30 बजे एलटीटी पहुंचेगी। इसमें कुल 20 आईसीएफ कोच रहेंगे। इनमें 18 सामान्य और द्वितीय श्रेणी शयनयान तथा 02 एसएलआरडी कोच हैं।
एलटीटी गोरखपुर स्पेशल का समय
गाड़ी संख्या 01027 एलटीटी से 10 नवंबर को 14.50 बजे रवाना होगी। यह 11 नवंबर को इटारसी में 03.56 बजे, भोपाल में 06.01 बजे और बीना में 08.26 बजे पहुंचेगी। इसके बाद 11 नवंबर को ही 23.50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में 01028 गोरखपुर से 12 नवंबर को 05.30 बजे चलेगी। यह भोपाल में 23.17 बजे और इटारसी में 01.22 बजे पहुंचकर 13 नवंबर को 14.30 बजे एलटीटी पहुंचेगी।
इस ट्रेन में कुल 20 एलएचबी कोच रहेंगे। इनमें 01 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 05 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 10 शयनयान श्रेणी, 02 सामान्य श्रेणी, 01 एसएलआरडी और 01 जनरेटर कार शामिल हैं।
पुणे दानापुर वन वे स्पेशल ट्रेन का समय
ट्रेन नंबर 01469 पुणे से वन वे स्पेशल ट्रेन 10 नवंबर को 20.20 बजे रवाना होगी। यह 11 नवंबर को इटारसी में 11.45 बजे पहुंचेगी और 12 नवंबर को सुबह 05.50 बजे दानापुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच रहेंगे। इनमें 01 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 04 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 03 एसी थ्री इकोनॉमी, 07 शयनयान श्रेणी, 05 सामान्य श्रेणी, 01 एसएलआरडी और 01 जनरेटर कार शामिल हैं।