भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दीपावली पर असुरक्षित आतिशबाजी कई परिवारों के लिए तकलीफ का कारण बन गई। रविवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह तक हमीदिया अस्पताल में करीब एक दर्जन से ज्यादा मरीज इलाज कराने पहुंचे। इनकी आंखें घायल हुई थीं। इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। 14 साल के एक बच्चे की हालत नाजुक है।
आंखें घायल होने वाले 10 मरीज पहुंचे
हमीदिया अस्पताल के ऑफ्थैल्मोलॉजिस्ट डॉ. एसएस कुबरे ने बताया कि आतिशबाजी के दौरान आंखें घायल होने वाले 10 मरीजों में सबसे ज्यादा घायल 14 साल का बच्चा है। परिजन उसे रविवार रात अस्पताल लेकर आए थे। डॉक्टरों ने अन्य तीन मरीजों का इलाज करने के बाद उन्हें रात में ही डिस्चार्ज कर दिया था। बाकी 7 मरीज पटाखों से हाथ पैर जलने के थे। इलाज के बाद उन्हें भी घर भेज दिया गया है।
14 साल के बच्चे की आंख की सर्जरी, रोशनी नहीं लौटी
डॉ. कुबरे के मुताबिक बच्चे की आंख की ऊपरी परत फट गई और पटाखे में भरा कंकर आंख के अंदर तक पहुंच गया था। अस्पताल में बच्चे की आंख की सर्जरी की गई है, लेकिन उसकी रोशनी अभी नहीं लौटी है। उन्होंने बताया कि आंख की ऊपरी परत फटने के साथ अंदर भी काफी नुकसान हुआ है। डॉक्टरों की टीम ने करीब एक घंटे की सर्जरी कर स्क्लेरल टियर को ठीक कर दिया। लेकिन आंख के अंदर पटाखे का कण होने से संक्रमण का खतरा बना हुआ है। आंख में अभी भी खून भरा हुआ है, जो मोतियाबिंद जैसा बन गया है। बच्चे को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है।
रेटिना की सर्जरी के लिए दूसरे अस्पताल रेफर होगा बच्चा
डॉ. कुबरे ने बताया कि अब बच्चे की रेटिना और आंख के पिछले हिस्से की सर्जरी करनी पड़ेगी। हमीदिया अस्पताल में यह सुविधा नहीं है, इसलिए उसे दूसरे विशेषज्ञता वाले अस्पताल में रेफर किया जाएगा।
7 साल की बच्ची की हालत संतोषजनक
डॉ. कुबरे ने बताया कि रविवार मध्य रात्रि एक 7 साल की बच्ची को भी गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। पटाखे की वजह से उसकी आंख की पुतलियों के आसपास छोटे छोटे कण घुस गए थे। डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत निकाल दिया। बच्ची को अभी अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं किया गया है। उसकी हालत अब संतोषजनक है और वह आंखों से देख पा रही है।