आईपीएल 2026 में रायपुर में पहली बार भिड़ेंगे केकेआर और आरसीबी। विराट कोहली, सुनील नारायण और भुवनेश्वर कुमार पर रहेगी सबकी नजर।
आईपीएल 2026 में बुधवार, 13 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से उनके दूसरे घरेलू मैदान रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में रात 7:30 बजे से होगा।
सात मैच जीतकर आरसीबी जहां अंक तालिका में शीर्ष पर है, वहीं पिछले चार मैच लगातार जीतकर केकेआर भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है। दोनों टीमों के बीच अब तक हुए मुकाबलों में केकेआर का पलड़ा भारी रहा है। पिछले पांच मुकाबलों में भी केकेआर ने चार मैच जीते हैं।रायपुर में केकेआर का यह पहला मुकाबला होगा, जबकि आरसीबी यहां अपने दोनों मैच जीत चुकी है।
अक्षर पटेल पर 12 लाख का जुर्माना
धर्मशाला में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर धीमी ओवर गति के कारण 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। दिल्ली की टीम ने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान निर्धारित समय से धीमी ओवर गति बनाए रखी थी।आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह इस सत्र में टीम का पहला अपराध था, इसलिए कप्तान पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया।दिल्ली कैपिटल्स ने अक्षर पटेल (56) और डेविड मिलर (51) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत पंजाब किंग्स को छह गेंद शेष रहते तीन विकेट से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदें कायम रखीं।
भुवनेश्वर कुमार कोलकाता के लिए बड़ा खतरा
पिछले मैच में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले भुवनेश्वर कुमार इस मुकाबले में भी अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने आईपीएल में केकेआर कप्तान अजिंक्य रहाणे को सात बार आउट किया है। रहाणे उनके खिलाफ सिर्फ 89 के स्ट्राइक रेट से रन बना पाए हैं।रोवमैन पॉवेल भी भुवनेश्वर के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए हैं। भुवनेश्वर ने उन्हें छह पारियों में एक बार आउट किया है, जबकि पॉवेल का स्ट्राइक रेट भी कम रहा है।
कोहली को नारायण से रहना होगा सतर्क
इस सत्र में तीन अर्धशतकों के साथ 379 रन बना चुके विराट कोहली पिछले दो मैचों में शून्य पर आउट हुए हैं। टी-20 क्रिकेट में यह दूसरी बार और आईपीएल में पहली बार हुआ है, जब वह लगातार दो मैचों में बिना खाता खोले आउट हुए।हालांकि केकेआर के खिलाफ उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 32 पारियों में सात अर्धशतक और एक शतक की मदद से 1021 रन बनाए हैं।फिर भी कोहली को सुनील नारायण से सतर्क रहना होगा, जिन्होंने उन्हें 21 टी-20 पारियों में चार बार आउट किया है। वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ भी कोहली का स्ट्राइक रेट ज्यादा प्रभावी नहीं रहा है।
संभावित टीम
आरसीबी:विराट कोहली, जैकब बेथेल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और रसिख सलाम डार।
केकेआर:अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा और वरुण चक्रवर्ती।