हीरा पहनने से पहले अपनी राशि जरूर जान लें। ज्योतिष के अनुसार कुछ राशियों के लिए यह रत्न लाभ की जगह नुकसान पहुंचा सकता है। जानिए किन लोगों को हीरा धारण करने से बचना चाहिए।
नवरत्नों में शामिल हीरा सिर्फ अपनी चमक और कीमत के लिए ही नहीं, बल्कि ज्योतिषीय प्रभावों के लिए भी जाना जाता है। इसे शुक्र ग्रह का प्रमुख रत्न माना जाता है, जो सुख-सुविधा, आकर्षण, वैवाहिक जीवन और भौतिक संपन्नता से जुड़ा होता है। हालांकि हर व्यक्ति के लिए हीरा लाभकारी नहीं माना जाता। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार गलत राशि या परिस्थितियों में इसे धारण करने से आर्थिक, पारिवारिक और मानसिक परेशानियां बढ़ सकती हैं। इसी वजह से विशेषज्ञ बिना कुंडली और ग्रह स्थिति की जांच के केवल फैशन या दिखावे के लिए हीरा पहनने की सलाह नहीं देते।
हीरा किन राशियों के लिए नहीं माना जाता शुभ
ज्योतिषाचार्य पंडित शैलेंद्र पांडेय के अनुसार मेष, सिंह, वृश्चिक, धनु और मीन राशि के जातकों को हीरा पहनने से बचना चाहिए। माना जाता है कि इन राशियों पर शुक्र का प्रभाव अनुकूल नहीं रहने पर यह रत्न अपेक्षित लाभ देने के बजाय विपरीत परिणाम दे सकता है। इसके अलावा जो लोग आध्यात्मिक साधना, वैराग्य या आध्यात्मिक उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहते हैं, उनके लिए भी हीरा उपयुक्त नहीं माना जाता।
इन राशियों को मिल सकता है विशेष लाभ
वृषभ, मिथुन, कन्या, तुला, मकर और कुंभ राशि वालों के लिए हीरा शुभ फल देने वाला रत्न माना गया है। ज्योतिषीय दृष्टि से इन राशियों पर शुक्र का प्रभाव अपेक्षाकृत अनुकूल रहता है। कर्क राशि के जातकों को भी हीरा धारण करने की सलाह दी जाती है। माना जाता है कि यह रत्न जीवन में आकर्षण, आत्मविश्वास और सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ाने में मदद कर सकता है। ग्लैमर, फिल्म, फैशन, मीडिया और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों के लिए भी हीरा विशेष रूप से लाभकारी माना जाता है।
हीरा पहनने से पहले किन बातों का रखें ध्यान
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार बिना विशेषज्ञ सलाह के हीरा धारण नहीं करना चाहिए। केवल फैशन या ट्रेंड के कारण इसे पहनना कई बार नुकसानदायक साबित हो सकता है। यदि किसी व्यक्ति को मधुमेह या रक्त संबंधी गंभीर समस्याएं हैं, तो उसे भी हीरा धारण करने से पहले सलाह लेनी चाहिए। मान्यता है कि 21 वर्ष की आयु के बाद और 50 वर्ष की आयु से पहले हीरा पहनना अधिक उपयुक्त माना जाता है। दांपत्य जीवन में गंभीर तनाव या रिश्तों में लगातार विवाद की स्थिति हो तो भी हीरा धारण करने से पहले ज्योतिषीय परामर्श लेना जरूरी बताया गया है।
कैसा हीरा पहनना माना जाता है सही
ज्योतिष शास्त्र में साफ, चमकदार और अधिक सफेद हीरे को श्रेष्ठ माना गया है। माना जाता है कि जितना शुद्ध और पारदर्शी हीरा होगा, उसका प्रभाव उतना ही बेहतर होगा। वहीं टूटा हुआ, दरार वाला या दाग-धब्बों से युक्त हीरा पहनना अशुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इससे अपयश, आर्थिक नुकसान या दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है।
किन मामलों में लाभकारी माना जाता है हीरा
हीरा मुख्य रूप से आकर्षण, सौंदर्य, ग्लैमर, प्रसिद्धि और सामाजिक प्रतिष्ठा से जुड़ा रत्न माना जाता है। प्रेम संबंधों और वैवाहिक जीवन में सामंजस्य बढ़ाने के लिए भी इसे लाभकारी बताया जाता है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार यदि यह अनुकूल प्रभाव दे तो स्वास्थ्य संबंधी कुछ लाभ भी मिल सकते हैं। हीरे को अंगूठे या तर्जनी उंगली में धारण करने पर शुक्र के व्यापक शुभ प्रभाव प्राप्त होने की बात कही जाती है। वहीं अनामिका उंगली में पहनने से मुख्य रूप से प्रेम, रिश्तों और वैवाहिक जीवन से जुड़े लाभ मिलने की मान्यता है।