भोपाल में इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल बना हुआ है। कोलार रोड स्थित मानसरोवर डेंटल कॉलेज परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत मानसरोवर कथा में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आज यानी 29 नवंबर को कथा का तीसरा दिन है। रविवार को यहां भगवान विष्णु के परम भक्त प्रह्लाद की कथा सुनाई जाएगी। इसके बाद शाम को भक्ति संगीत की प्रस्तुति होगी, जिसमें ध्रुव और स्वर्णा श्री की जोड़ी ‘द ब्रजकीपर्स’ अपने भजनों से समां बांधेगी।
आज भक्त प्रह्लाद के चरित्र का होगा वर्णन
कथा के तीसरे दिन कथाव्यास श्रीमन्माधव गौड़ेश्वर वैष्णवाचार्य डॉ. श्री पुण्डरीक गोस्वामी महाराज भक्त प्रह्लाद के जीवन प्रसंग का वर्णन करेंगे। प्रह्लाद की कथा भगवान के प्रति अटूट विश्वास और भक्ति का संदेश देती है।
पौराणिक मान्यता के अनुसार, प्रह्लाद के पिता हिरण्यकश्यप भगवान विष्णु के विरोधी थे, लेकिन इसके बावजूद प्रह्लाद की भक्ति कभी कमजोर नहीं हुई। पिता की तमाम कोशिशों और कठिनाइयों के बाद भी उन्होंने भगवान विष्णु का स्मरण नहीं छोड़ा। इसी प्रसंग में भगवान नरसिंह के अवतार और हिरण्यकश्यप के अंत की कथा भी सुनाई जाती है।
कथा के बाद ‘द ब्रजकीपर्स’ की प्रस्तुति
आज के आयोजन का एक और खास आकर्षण शाम की भजन संध्या है। कथा समाप्त होने के बाद ध्रुव और स्वर्णा श्री की जोड़ी ‘द ब्रजकीपर्स’ भक्तिमय संगीत की प्रस्तुति देगी। आयोजन में कथा और संगीत को एक साथ जोड़कर श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक माहौल तैयार किया जा रहा है।
इससे पहले 28 नवंबर को कथा में ध्रुव चरित्र का प्रसंग सुनाया गया था। इसके बाद पद्मश्री अनूप जलोटा ने भजन संध्या में प्रस्तुति दी थी।
3 दिसंबर तक चलेगा सात दिवसीय आयोजन
मानसरोवर समूह के संस्थापक ब्रह्मलीन श्री कमलाकांत तिवारी की स्मृति में आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम 27 नवंबर से शुरू हुआ है और 3 दिसंबर तक चलेगा। कथा का वाचन डॉ. श्री पुण्डरीक गोस्वामी महाराज कर रहे हैं।
आयोजन के अगले दिनों में 30 नवंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 1 दिसंबर को गोवर्धन पूजा और 2 दिसंबर को रुक्मिणी विवाह का प्रसंग होगा। 1 दिसंबर को वृंदावन का माधवाज़ रॉक बैंड भी भक्तिमय प्रस्तुति देगा।
3 दिसंबर को कथा का समापन होगा। इस दिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक कथा होगी और इसके बाद दोपहर 12:30 बजे से भंडारे का आयोजन रखा गया है।
कहां और कब पहुंच सकते हैं श्रद्धालु?
श्रीमद्भागवत मानसरोवर कथा का आयोजन मानसरोवर डेंटल कॉलेज कैंपस, हिनौतिया आलम, कोलार रोड, भोपाल में किया जा रहा है। 27 नवंबर से 2 दिसंबर तक कथा का समय प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक निर्धारित है। आयोजन में श्रद्धालु अपने परिवार और परिचितों के साथ शामिल हो सकते हैं।