बागपत। दीपावली की रात गोपालपुर खड़ाना गांव में पटाखे छुड़ाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने राष्ट्रपति के अंगरक्षक पर फायरिंग कर दी। उन्हें सिर में गोली लगी और वे गंभीर रूप से घायल हैं। मारपीट में उनका भाई और दूसरे पक्ष का एक युवक भी घायल हुआ। सूचना मिलने पर सीओ और एएसपी रात में ही मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है।
पटाखे चलाने पर हुई कहासुनी, फिर चल गई गोली
रविवार रात करीब 9:15 बजे जनकराज के बेटे विनीत, सौरभ और मिंटू घर के सामने पटाखे चला रहे थे। इसी दौरान गांव का धीरज पुत्र इंद्रपाल वहां से गुजर रहा था। पटाखे छुड़ाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर धीरज ने तमंचा निकालकर कई राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली सौरभ के सिर में लगी और वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
लाठी डंडे भी चले, आरोपी फरार
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी डंडे भी चले। धीरज के भाई ने विनीत पर लाठी डंडों से हमला किया। दूसरे पक्ष के लोगों ने मोनू उर्फ प्रवीण कुमार पुत्र इंद्रपाल के साथ मारपीट की। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आरोपी फरार हो गए।
सौरभ मेरठ रेफर, छुट्टी पर आए थे घर
परिजनों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए बड़ौत भिजवाया। सौरभ की हालत गंभीर देखकर उन्हें मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सौरभ राष्ट्रपति के अंगरक्षक हैं और दीपावली पर छुट्टी लेकर घर आए हुए थे।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, दबिश जारी
सीओ अंशु जैन और एएसपी प्रवीण कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस को आरोपियों की तलाश में दबिश देने और मामले की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए। जनकराज की तहरीर पर धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण कुमार पुत्र इंद्रपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में और कितने आरोपी शामिल थे। घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है। थाना प्रभारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि सौरभ को गोली लगी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी धीरज के खिलाफ वर्ष 2015 में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है।