भोपालः मध्यप्रदेश में सरकारी विभागों और उपक्रमों में काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 24 नवंबर 2025 को आश्वासन दिया था कि किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को सेवा से बाहर नहीं किया जाएगा । भारतीय मजदूर संघ (BMS) के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने मुख्यमंत्री के इस भरोसे का स्वागत करते हुए इसे कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत बताया था।
भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में भोपाल में आयोजित कर्मचारी संगठनों से जुड़े कार्यक्रम में आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं का मुद्दा उठाया गया। प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने मुख्यमंत्री के सामने कर्मचारियों के हितों और उनकी नौकरी की सुरक्षा से जुड़ी मांगें रखीं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के विभिन्न शासकीय विभागों और उपक्रमों में काम कर रहे किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को सेवा से बाहर नहीं किया जाएगा। इस बैठक में राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेश शर्मा और मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के महामंत्री जितेंद्र सिंह भी मौजूद थे।
लाखों कर्मचारियों को राहत
कुलदीप सिंह गुर्जर ने मुख्यमंत्री के आश्वासन का स्वागत करते हुए कहा कि इससे प्रदेश के लाखों आउटसोर्स कर्मचारियों को राहत मिली है । लंबे समय से आउटसोर्स कर्मचारी अपनी नौकरी की सुरक्षा और सेवा से जुड़ी समस्याओं को लेकर चिंता जताते रहे हैं।