उज्जैन के महाकाल सवारी का मुख्य आकर्षण हाथी श्यामू गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा है। जोड़ों में दर्द के कारण उसे विशेष आराम की आवश्यकता है।
उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध महाकाल की सवारी का प्रमुख आकर्षण रहा हाथी श्यामू इन दिनों गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहा है। जोड़ों में भीषण दर्द के कारण उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने हाईपॉवर मेडिकल टीम को उज्जैन भेजा है, जिसने श्यामू का परीक्षण शुरू कर दिया है।
जोड़ों के दर्द से जूझ रहा है श्यामू हाथी
जानकारी के अनुसार श्यामू लंबे समय से जोड़ों के दर्द (आर्थराइटिस जैसी स्थिति) से पीड़ित है। विशेषज्ञों का कहना है कि उसके चलने-फिरने में परेशानी बढ़ गई है और उसे विशेष आराम की आवश्यकता है।श्यामू महाकाल की सवारी का वर्षों से हिस्सा रहा है और स्थानीय स्तर पर बेहद लोकप्रिय माना जाता है।
10–12 घंटे सड़क पर रहने से बढ़ी परेशानी
महावत श्रवण गोस्वामी के अनुसार श्यामू को आर्थिक और पारिवारिक कारणों से रोजाना 10 से 12 घंटे तक सड़कों पर रहना पड़ता है। लगातार काम और आराम की कमी के कारण उसकी स्थिति बिगड़ती गई।उन्होंने बताया कि पहले रामू हाथी सवारी का हिस्सा था, लेकिन 2016 के बाद श्यामू ने यह जिम्मेदारी संभाली।
दिल्ली से भोपाल तक पहुंची सूचना, बनी हाईपॉवर टीम
श्यामू की तबीयत की जानकारी दिल्ली से भोपाल तक पहुंची, जिसके बाद वन विभाग की चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन डॉ. संगीता राजोरा ने मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद तीन सदस्यीय हाईपॉवर कमेटी का गठन किया गया, जिसमें शामिल हैं. डॉ. संजीव गुप्ता (पन्ना टाइगर रिजर्व), डॉ. मुकेश जैन (उज्जैन वेटरनरी विशेषज्ञ), डॉ. उत्तम यादव (इंदौर जू निदेशक/प्रभारी अधिकारी) टीम ने उज्जैन पहुंचकर श्यामू का परीक्षण किया और विस्तृत स्वास्थ्य रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की।
विशेषज्ञों ने कहा- तुरंत आराम जरूरी
जांच टीम के सदस्य डॉ. उत्तम यादव के अनुसार श्यामू के लक्षण स्पष्ट रूप से जोड़ों के गंभीर दर्द की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सबसे जरूरी है कि हाथी को पूरी तरह आराम दिया जाए और उसके कार्यभार को तुरंत कम किया जाए। सूत्रों के मुताबिक शुरुआती चरण में महावत परिवार को आशंका थी कि टीम श्यामू को अपने साथ ले जाने आई है। इसी वजह से कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही। हालांकि बाद में समझाइश के बाद महावत परिवार इलाज और जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हो गया।
महाकाल सवारी में चिंता का विषय
महाकाल की सवारी में श्यामू हाथी एक प्रमुख आकर्षण रहा है, और उसकी खराब तबीयत ने स्थानीय प्रशासन और श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की नजर उसकी स्वास्थ्य रिपोर्ट और आगे की देखभाल पर टिकी हुई है।