मध्य प्रदेश की सरकारी राशन दुकानों में अब किराना सामान भी उपलब्ध होगा। इंदौर, देवास, सागर, धार जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के बाद विस्तार होगा।
मध्य प्रदेश सरकार राज्य की सरकारी उचित मूल्य (राशन) दुकानों को बहुउद्देश्यीय केंद्र के रूप में विकसित करने जा रही है। इसके तहत उपभोक्ताओं को राशन की सरकारी दुकानों पर किफायती दरों में किराना सामान भी उपलब्ध कराया जाएगा।इंदौर में हाल ही में 30 दुकानों पर किराना सामान उपलब्ध कराने की मुख्यमंत्री जन पोषण मार्ट योजना का सफल प्रयोग किया गया था। वहां मिली सफलता के बाद इस परियोजना को अब इंदौर, देवास, सागर और धार जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू करने की तैयारी की जा रही है। इन जिलों में सफलता मिलने पर इस योजना को पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इंदौर में शुरू किए गए इस प्रयोग के काफी सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इस पहल से दुकानों के संचालन में संलग्न महिला स्व-सहायता समूहों और सहकारी समितियों को न केवल आर्थिक मजबूती मिली है, बल्कि लाभार्थियों को बाजार की तुलना में कम कीमत पर पोषण सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस पहल के सार्थक परिणामों को देखते हुए सरकार ने इंदौर के साथ-साथ देवास, सागर और धार जिलों की सभी सरकारी राशन दुकानों पर भी इसे लागू करने का निर्णय लिया है। इंदौर में यह व्यवस्था अब सभी उचित मूल्य दुकानों पर लागू की जाएगी।
इन जिलों की दुकानों को मिलेगा लाभ
- इंदौर – 673 दुकानें
- देवास – 759 दुकानें
- सागर – 1,145 दुकानें
- धार – 848 दुकानें
राज्यव्यापी होगा विस्तार
योजना के तहत आगामी समय में अन्य जिलों की ग्रामीण क्षेत्रों की राशन दुकानों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों की उचित मूल्य दुकानों को भी चरणबद्ध तरीके से मुख्यमंत्री जन पोषण मार्ट में परिवर्तित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक हितग्राहियों को इसका लाभ मिल सके।
योजना के प्रमुख उद्देश्य
- राशन दुकानों को बहुउद्देश्यीय केंद्र के रूप में विकसित करना।
- महिला स्व-सहायता समूहों एवं सहकारी समितियों की आय बढ़ाना।
- हितग्राहियों को बेहतर पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना।
- ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुएं उचित मूल्य पर उपलब्ध कराना।
यह सामान मिलेगा
योजना के तहत मसालों के अलावा मोटा अनाज जैसे ज्वार, बाजरा, मक्का, रागी, दालें, राजमा, चना, दूध और पनीर उपलब्ध कराया जाएगा।इसके साथ ही उपभोक्ताओं की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी सामग्री जैसे साबुन, सोडा, नमकीन, बिस्किट, पोहा, रवा, शक्कर, चायपत्ती तथा अन्य किराना सामग्री भी उचित मूल्य की दुकानों पर उपलब्ध होगी।