कौशांबी में एक एलपीजी टैंकर टोल प्लाजा से टकराने के बाद विस्फोट हुआ, जिससे उठी आग की लपटें 2 किलोमीटर तक दिखाई दीं। हादसे में 5 कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसे।
कौशांबी में सुबह-सुबह बड़ा हादसा, 2 किलोमीटर दूर तक दिखीं आग की लपटें

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी टोल प्लाजा पर एक एलपीजी टैंकर अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा से टकरा गया। टक्कर के बाद जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते टैंकर आग के गोले में बदल गया। हादसे में टोल प्लाजा के 5 कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि दो अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
धमाके के बाद मची अफरा-तफरी, सड़क पर तड़पते दिखे घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद इतना तेज धमाका हुआ कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं करीब 2 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। हादसे के बाद टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारी झुलसकर सड़क किनारे तड़पते नजर आए। मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
ड्राइवर और कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान
बताया जा रहा है कि टैंकर कानपुर से प्रतापगढ़ की ओर जा रहा था। ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान टैंकर का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराते हुए टोल प्लाजा में जा घुसा। हादसे से ठीक पहले ड्राइवर और कंडक्टर वाहन से कूद गए और अपनी जान बचाने में सफल रहे।
गैस रिसाव के बाद हुआ धमाका
कौशांबी के पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि शुरुआती जांच में टक्कर के बाद टैंकर से गैस रिसाव की बात सामने आई है। गैस रिसाव के कारण पहले विस्फोट हुआ और फिर भीषण आग लग गई। घटना के वास्तविक कारणों की जांच के लिए तकनीकी टीम और संबंधित विभागों को मौके पर बुलाया गया है।
5 घायलों को प्रयागराज रेफर किया गया

हादसे में कुल 7 लोग घायल हुए थे। इनमें से 5 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर कर दिया गया। दो अन्य घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। डॉक्टरों की टीम गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारियों की निगरानी कर रही है।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
हादसे की सूचना मिलते ही जिले की सभी फायर ब्रिगेड इकाइयों और पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। सुरक्षा कारणों से हाईवे पर यातायात रोक दिया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इसके बाद सड़क की एक लेन को यातायात के लिए खोला गया और धीरे-धीरे ट्रैफिक सामान्य किया गया।
जांच में जुटा प्रशासन
प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि हादसा केवल वाहन के अनियंत्रित होने से हुआ या इसके पीछे कोई तकनीकी खराबी भी जिम्मेदार थी। टोल प्लाजा और टैंकर से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।