भोपाल के निकट मंडीदीप में एक सीरियल किलर ने कई हत्याएँ कीं। आरोपी एचआईवी संक्रमित है और उसके 50 से अधिक लोगों के संपर्क में आने का खुलासा हुआ है।
राजधानी भोपाल से सटे मंडीदीप में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने पहले युवक को अपने जाल में फंसाया, खाना खिलाया, फिर सुनसान इलाके में ले जाकर उससे संबंध बनाए और बाद में पहचान उजागर होने के डर से पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। जांच में सामने आया है कि आरोपी एचआईवी संक्रमित है और वह 50 से अधिक लोगों के संपर्क में आ चुका है।
नाइट ड्यूटी पर निकला था युवक, मौत बनकर मिला आरोपी
कटारा हिल्स पुलिस के अनुसार मृतक रोहित (बदला हुआ नाम) सतलापुर का निवासी था और मंडीदीप की एक फैक्ट्री में काम करता था। 24 मई की रात वह ड्यूटी के लिए घर से निकला था। इसी दौरान 11 मील बायपास स्थित इकोलॉजिकल पार्क के पास उसकी मुलाकात भोपाल निवासी सुरेश (बदला हुआ नाम) से हुई.पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले रोहित का भरोसा जीता और उसे खाना खिलाया। इसके बाद वह उसे पुलिया के नीचे स्थित एक सुनसान स्थान पर ले गया।
विरोध किया तो बना शिकार
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने रोहित के साथ समलैंगिक संबंध बनाने की कोशिश की। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस का कहना है कि विवाद के बाद आरोपी ने पहले रोहित को धक्का देकर गिराया और फिर उस पर हमला कर दिया.इसके बाद सबूत मिटाने और पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने पास में पड़े भारी पत्थर से रोहित के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या को हादसा साबित करने की साजिश
वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की। उसने मृतक की एक्टिवा को घटनास्थल से दूर सड़क किनारे कंटीले तारों के पास खड़ा कर दिया और उसकी चाबी दूर फेंक दी, ताकि मामला सड़क दुर्घटना जैसा लगे।इसके बाद आरोपी मृतक का मोबाइल लेकर फरार हो गया। बाद में उसने मोबाइल किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तारी के बाद खुला बड़ा राज
पुलिस ने जब आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया तो वह एचआईवी संक्रमित निकला। इसके बाद जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग अब उन लोगों की जानकारी जुटा रहे हैं, जो आरोपी के संपर्क में आए थे। जांच में पता चला है कि आरोपी अक्सर भोपाल के न्यू मार्केट और वीआईपी रोड इलाके में घूमता था और वहां लोगों से संपर्क बनाने की कोशिश करता था। पुलिस को आशंका है कि वह लंबे समय से अलग-अलग लोगों के संपर्क में था।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पहले भी एक युवक के साथ दुष्कर्म जैसे मामले में जेल जा चुका है। वर्ष 2023 में भी इसी तरह के मामले में वह करीब आठ महीने तक जेल में रहा था। हाल ही में भी वह एक अन्य मामले में करीब तीन महीने जेल में रह चुका था।