मध्यप्रदेश के डिंडौरी में तेज रफ्तार टैंकर ने सड़क किनारे खड़े 5 लोगों को कुचल दिया। सभी की मौत, पिकअप का टायर बदलते समय हुआ हादसा। प्रशासन ने मुआवजे का ऐलान किया।
मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कैप्सूल टैंकर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। हादसा गाड़ा सरई थाना क्षेत्र के किकरा तालाब गांव के पास जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर हुआ।
टायर बदलते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, परसवाह गांव के रहने वाले लोग सिलयारी गांव से एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी पिकअप गाड़ी पंक्चर हो गई। रात करीब 12:30 बजे वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर ड्राइवर टायर बदल रहा था.पिकअप में सवार अन्य लोग भी नीचे उतरकर सड़क किनारे बैठे हुए थे और आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी अमरकंटक की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कैप्सूल टैंकर ने नियंत्रण खोते हुए 5 लोगों को कुचल दिया।
एक ही परिवार के थे मृतक
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही परिवार से जुड़े थे, हालांकि वे अलग-अलग गांवों में रहते थे। मृतकों में राज करण वनवासी (35), बिहारी (50), उनका 32 वर्षीय बेटा, पवन मरावी (35) और बिसाहू धुर्वे (58) शामिल हैं। लोगों को कुचलने के बाद टैंकर ने सड़क किनारे बनी छोटी मढ़िया, बिजली के पोल और यात्री प्रतीक्षालय को भी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन करीब 300 मीटर दूर जाकर रुका। हादसे में आसपास के ढांचे भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
4-4 लाख मुआवजे का ऐलान
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। कलेक्टर अंजू भदौरिया और एसपी वाहिनी सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को रेड क्रॉस सोसायटी से 50-50 हजार रुपए की तत्काल सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा संबल योजना के तहत 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद भी दी जाएगी।