MP Weather Today: मध्य प्रदेश में अब ठंड धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। सुबह और रात के समय तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे सिहरन बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है और बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, दिन में खिली धूप के कारण अभी भी हल्की गर्मी का अहसास बना हुआ है।
कटनी का करौंदी रहा सबसे ठंडा
राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है: प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कटनी के करौंदी में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में 12.4°C, इंदौर में 12.5°C, रायसेन और पचमढ़ी में 12.6°C तथा राजधानी भोपाल में 13.2 डिग्री सेल्सियस रात का तापमान रिकॉर्ड किया गया। वही बालाघाट के मलाजखंड में सबसे कम अधिकतम तापमान 27°C दर्ज हुआ, जबकि छतरपुर के खजुराहो में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 34.2°C रहा। दिन में तेज धूप और रात में ठंडक का यह दोहरा मिजाज लोगों को महसूस हो रहा है।
अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम केंद्र के मुताबिक, आगामी 24 घंटों तक प्रदेश के किसी भी संभाग में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी फिलहाल किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा, जिससे त्योहारों के दौरान लोगों को आवाजाही में कोई असुविधा नहीं होगी।
एक्टिव होगा नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 10 नवंबर से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय होने जा रहा है। हालांकि, इसका फिलहाल मध्य प्रदेश के मौसम पर कोई खास प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। प्रदेश में आने वाले दिनों में सुबह और शाम की ठंडक यूं ही बरकरार रहने के आसार हैं।