MP Weather Update: मध्य प्रदेश में दीपावली के बीच मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, त्योहारी सीजन के बाद अब राज्य में ठंड का अहसास और गहराएगा। अगले 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे कई शहरों में पारा 10 से 11 डिग्री तक पहुंच सकता है।
इंदौर रहा सबसे ठंडा
बीती रात प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड ने दस्तक दे दी है। इंदौर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा शहडोल के कल्याणपुर व दमोह में 12.2°C, शाजापुर में 12.6°C, उमरिया में 12.7°C और राजधानी भोपाल व पचमढ़ी में पारा 12.8°C रिकॉर्ड किया गया। तो वही अमरकंटक, पचमढ़ी, मलाजखंड, बैतूल, शिवपुरी और करौंदी में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री या उससे कम रहा। वहीं, छिंदवाड़ा में सबसे ज्यादा 35.4°C तापमान दर्ज किया गया।
बारिश का अलर्ट नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, रूपचौदस और दीवाली के इन दो प्रमुख दिनों में प्रदेश के किसी भी हिस्से में आंधी-बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। मौसम पूरी तरह साफ रहने से लोगों को त्योहार मनाने में किसी प्रकार की बाधा का सामना नहीं करना पड़ेगा और खुशियों का यह पर्व बिना किसी रुकावट के मचेगा।
जोर पकड़ेगी कड़ाके की ठंड
पिछले 10 वर्षों के मौसमी आंकड़ों और ट्रेंड के मुताबिक, नवंबर के दूसरे पखवाड़े से ठंड अपना असली रूप दिखाने लगती है। उत्तर दिशा से आने वाली सीधी ठंडी हवाओं के कारण ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में तापमान में भारी गिरावट देखने को मिलेगी। ऐतिहासिक रिकॉर्ड बताते हैं कि ग्वालियर में नवंबर के दौरान रात का तापमान कभी 3 डिग्री तक और उज्जैन में 2.3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क चुका है। नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में नए मौसमी सिस्टम एक्टिव होने पर कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या ठंड के तेवर और तीखे होने की संभावना है।