राज्य निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश में नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के उप-निर्वाचन 2026 के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है।
MP Nikay Panchayat Chunav: मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय एवं पंचायत उपचुनाव का ऐलान |
MP Nikay Panchayat By Election 2026: राज्य निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश में नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के उप-निर्वाचन 2026 के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। प्रदेश में मतदान 29 सितंबर 2026 को होगा, जबकि मतगणना और परिणामों की घोषणा 3 व 5 अक्टूबर को की जाएगी।
उप-चुनाव का पूरा शेड्यूल
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दिनेश श्रीवास्तव द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 8 सितंबर 2026 को निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन और नामांकन जमा करने की शुरुआत होगी। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि, 16 सितंबर 2026 को नाम निर्देशन पत्रों की जांच, 18 सितंबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि और चुनाव चिन्हों का आवंटन, 29 सितंबर को मतदान होगा।
नगरीय निकाय: सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक मतदान होगा।
त्रिस्तरीय पंचायत: सुबह 7:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक मतदान होगा।
मतगणना एवं परिणाम
नगरीय निकाय: 3 अक्टूबर 2026 को सुबह 9:00 बजे से मतगणना और परिणाम घोषित होंगे।
पंच पद: 29 सितंबर को मतदान समाप्त होते ही संबंधित मतदान केंद्रों पर ही गिनती होगी।
सरपंच, जनपद व जिला पंचायत सदस्य: ब्लॉक मुख्यालय पर ईवीएम (EVM) से मतगणना 3 अक्टूबर को सुबह 8:00 बजे होगी।
अंतिम परिणाम घोषणा: सरपंच व जनपद सदस्यों के परिणाम 3 अक्टूबर को, जबकि जिला पंचायत सदस्यों व पंच पदों के परिणाम 5 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:30 बजे जारी किए जाएंगे।
3 अध्यक्ष, 26 पार्षद और हजारों पंचायत पदों पर चुनाव
नगरीय निकाय: आगर-मालवा (नगर परिषद सुसनेर), टीकमगढ़ (नगरपालिका परिषद टीकमगढ़) और धार (नगर परिषद कुक्षी) में अध्यक्ष पद का चुनाव होगा। इसके अलावा इंदौर, ग्वालियर, सागर, कटनी, खंडवा, दमोह, इटारसी, विदिशा सहित विभिन्न निकायों के 26 वार्डों में पार्षद पद का उप-चुनाव होगा।
त्रिस्तरीय पंचायत: जिला पंचायत सदस्य के 7, जनपद पंचायत सदस्य के 28, सरपंच के 110 तथा पंच के 4,090 रिक्त पदों के लिए वोट डाले जाएंगे।