भोपाल की 172 कॉलोनियों में PNG कनेक्शन दिए गए। इलाकों में PNG लाइन बिछने के बाद LPG सिलेंडर सप्लाई बंद होगी।
गैस संकट की समस्या से जूझ रहे भोपाल में अब सिलेंडरों की कमी नहीं आएगी। खाद्य विभाग के अनुसार राजधानी की 172 कॉलोनियों में थिंक गैस कंपनी पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) का कनेक्शन दे चुकी है। हालांकि पुराने शहर की कई गैस एजेंसियों पर अभी भी सिलेंडर बुकिंग को लेकर लोग परेशान हैं। इसे देखते हुए खाद्य विभाग गुरुवार से भोपाल को सिलेंडर-फ्री बनाने की कवायद में जुट गया है।
तीन महीने में कई इलाके होंगे सिलेंडर फ्री
प्रशासन ने तय किया है कि जिन इलाकों में पीएनजी यानी पाइप्ड नेचुरल गैस की लाइन बिछ चुकी है, वहां अब एलपीजी सिलेंडर नहीं दिए जाएंगे। इस संबंध में खाद्य विभाग का कहना है कि आगामी तीन माह में जहां-जहां पीएनजी पाइपलाइन शुरू हो जाएगी, उन क्षेत्रों को सिलेंडर-फ्री जोन घोषित कर दिया जाएगा।
बता दें कि राजधानी में पीएनजी कनेक्शन के लिए लगभग 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है। इनमें से करीब 30 हजार उपभोक्ताओं के घरों में पाइपलाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति शुरू हो चुकी है।भोपाल में थिंक गैस के जरिए पीएनजी कनेक्शन दिए जा रहे हैं। यह लाइन मिसरोद से शुरू होकर नर्मदापुरम रोड के दोनों ओर की कॉलोनियों तक पहुंच चुकी है। कंपनी ने अभी तक नर्मदापुरम रोड के दोनों ओर स्थित करीब 172 छोटी-बड़ी कॉलोनियों में गैस पाइपलाइन बिछा दी है। इनमें बावड़ियाकलां, सलैया, अयोध्या बायपास, अवधपुरी और साकेत नगर के अधिकांश घरों में कनेक्शन दिए जा चुके हैं। वहीं चार इमली क्षेत्र में भी कार्य जारी है। कटारा क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोगों ने आवेदन किया है।
74 बंगला क्षेत्र में जल्द पहुंचेगी भूमिगत लाइन
थिंक गैस कंपनी के अनुसार, शहर के प्रमुख पॉश इलाकों चार इमली और 74 बंगला में गैस की भूमिगत लाइन बिछाई जा रही है। इन दोनों क्षेत्रों में मंत्री, वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस अधिकारी निवास करते हैं। अधिकांश हिस्सों में लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है। कुछ दिनों में यहां के बंगलों में भी कनेक्शन दिए जाने शुरू हो जाएंगे।
कई उपभोक्ताओं ने अपने एलपीजी सिलेंडर भी सरेंडर कर दिए हैं। वहीं करीब 20 हजार उपभोक्ताओं के यहां गैस पाइपलाइन बिछ चुकी है और जल्द ही आपूर्ति शुरू की जाएगी।विभाग ने गुरुवार को चार बड़ी कॉलोनियों में पाइपलाइन विस्तार का कार्य शुरू किया है। इनमें बावड़ियाकलां स्थित केरवा कैंपस, अवधपुरी स्थित सौम्या पार्कलैंड, अयोध्या बायपास स्थित सागर लेक व्यू होम्स और सलैया स्थित आकृति ग्रीन शामिल हैं। इन चारों कॉलोनियों में जल्द ही पीएनजी आपूर्ति शुरू होगी। आपूर्ति शुरू होते ही उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर सरेंडर करने के लिए कहा जाएगा।
नया नियम
अब एक ही घर में पीएनजी और एलपीजी सिलेंडर, दोनों कनेक्शन रखना गैर-कानूनी माना जाएगा।
कनेक्शन दिए जा रहे हैं
थिंक गैस कंपनी ने नर्मदापुरम रोड (होशंगाबाद रोड) के दोनों ओर स्थित 172 कॉलोनियों में गैस लाइन बिछाई है। यहां लोगों को लगातार कनेक्शन दिए जा रहे हैं। हमने आज चार और कॉलोनियों को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने का कार्य शुरू किया है। इन कॉलोनियों में आपूर्ति शुरू होते ही सिलेंडर देना बंद कर दिया जाएगा। इससे राजधानी में गैस की कमी का संकट समाप्त हो जाएगा।
- चंद्रभान सिंह जादौन, खाद्य नियंत्रक, भोपाल