मध्य प्रदेश के ऊर्जा विभाग ने राज्य की बिजली वितरण कंपनियों में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है।
MP Contractual Employees : MP के 6 हजार संविदाकर्मी होंगे नियमित, निर्देश हुए जारी |
MP Contractual Employees : मध्य प्रदेश के ऊर्जा विभाग ने राज्य की बिजली वितरण कंपनियों में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। वर्षों से नियमितीकरण की आस लगाए बैठे करीब 6 हजार संविदा कर्मचारियों को स्थायी करने की दिशा में विभाग ने बड़े दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। ऊर्जा विभाग में कई श्रेणियों के करीब 10,000 पद खाली हैं। इन्हीं रिक्त पदों पर पात्र संविदा कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से भर्ती किया जाएगा।
देनी होगी विभागीय परीक्षा
विभाग ने साफ किया है कि नियमित नियुक्ति के लिए कर्मचारियों को एक विभागीय परीक्षा से गुजरना होगा। 100 अंकों की इस परीक्षा में सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को कम से कम 50 अंक और SC, ST व OBC वर्ग के अभ्यर्थियों को 40 अंक लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा पास करने वाले अनुभवी कर्मचारियों को उनकी सेवा अवधि के आधार पर अधिकतम 30 बोनस अंक दिए जाएंगे, जिससे पुराने कर्मचारियों को प्राथमिकता मिल सके।
प्रक्रिया पूरी करने के मिले निर्देश
ऊर्जा विभाग ने सभी बिजली कंपनियों को जल्द से जल्द परीक्षा का शेड्यूल और रूपरेखा तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग के इस निर्णय से न केवल हजारों कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित होगा, बल्कि बिजली कंपनियों को भी अनुभवी अमला मिल सकेगा।