दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज लूट की वारदात में भारतीय नागरिक को निशाना बनाया गया। नकाबपोश और भारी हथियारों से लैस बदमाशों ने एयरपोर्ट जा रही एक कार को कई गाड़ियों से घेर लिया। इसके बाद वाहन पर 30 से ज्यादा गोलियां बरसाईं और उसमें रखे बैग, सूटकेस तथा ब्रीफकेस लूटकर फरार हो गए। इस हमले में भारतीय नागरिक समेत दो लोग घायल हुए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना शुक्रवार 27 नवंबर की सुबह करीब 6:30 बजे पेरू के कैलाओ क्षेत्र के ला पेर्ला जिले में हुई। वारदात कोस्टा वर्डे हाईवे पर सांता रोजा हिल के पास अंजाम दिया गया। उस समय 29 वर्षीय भारतीय नागरिक विजय पगरानी इजा और 35 वर्षीय पेरू की नागरिक मारी नताली मिरांडा एस्पिनोजा जॉर्ज चावेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि दोनों एक काले रंग की जीप में सवार थे। इसी दौरान कई गाड़ियों में आए हथियारबंद बदमाशों ने उनकी कार का रास्ता रोक लिया। हमलावरों ने वाहन को चारों तरफ से घेर लिया और उसकी खिड़कियों तथा शीशों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से कार सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
गाड़ी के शीशों पर बरसाईं गोलियां, सामान लेकर भागे बदमाश
पेरू के स्थानीय अखबार 'एल कॉमर्सियो' की रिपोर्ट के अनुसार, घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें कई नकाबपोश बदमाश वाहन के आसपास दिखाई दे रहे हैं। हमलावरों ने पहले कार को घेरा और फिर गोलियां चलाईं। इसके बाद उन्होंने हथियारों की मदद से गाड़ी के दरवाजे खुलवाए और अंदर रखा सामान निकाल लिया।
बदमाश अपने साथ बैग, सूटकेस और ब्रीफकेस ले गए। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि इन सामानों में गहने और आभूषणों के पैकेट रखे हुए थे। कुछ खबरों में सोने की ईंटें होने की आशंका भी जताई गई है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
भारतीय नागरिक और पेरू की महिला घायल
हमले में विजय पगरानी और मारी नताली मिरांडा दोनों घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सैन जुडास टेडियो क्लिनिक पहुंचाया गया। स्थानीय पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
कैलाओ पुलिस क्षेत्र के प्रमुख जनरल ओल्गर बेनाविडेस ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला सुनियोजित लूट का लग रहा है। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने वारदात से पहले पीड़ितों की रेकी की थी और उनके आने-जाने की गतिविधियों पर नजर रखी थी।
पुलिस को सुनियोजित हमले का शक
घटना के बाद पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ियों की पहचान की जा रही है। जांच एजेंसियां उन मोबाइल फोन की भी पड़ताल कर रही हैं, जिन्हें हमलावरों ने भागते समय सड़क के निचले हिस्से की ओर फेंक दिया था।
पुलिस का कहना है कि यह सामान्य लूट की घटना नहीं लगती। हमलावरों ने कई गाड़ियों की मदद से रास्ता रोका और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। फिलहाल जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि बदमाशों को कार में मौजूद सामान की जानकारी पहले से कैसे मिली।
इस घटना ने पेरू में दिनदहाड़े हुई हथियारबंद लूट की वारदातों को लेकर सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और लूटे गए सामान को बरामद करने में जुटी है।