सुबह के नाश्ते में रोज पोहा, पराठा और सैंडविच खाकर अगर आप बोर हो चुके हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राई कर सकते हैं। पालक ढोकला एक ऐसी डिश है, जो स्वाद और सेहत दोनों का अच्छा मेल है। बेसन और ताजे पालक से तैयार होने वाला यह ढोकला देखने में जितना आकर्षक लगता है, खाने में भी उतना ही स्वादिष्ट होता है। इसकी खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। सिर्फ एक कप बेसन की मदद से आप घर पर नरम और स्पंजी ढोकला तैयार कर सकते हैं।
पालक में आयरन, फोलेट और कई अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं, जबकि बेसन प्रोटीन और फाइबर का स्रोत है। इसे तेल में तलने के बजाय भाप में पकाया जाता है, जिससे यह नाश्ते का एक हल्का विकल्प बन सकता है। आइए जानते हैं पालक ढोकला बनाने की आसान रेसिपी।
पालक ढोकला बनाने के लिए जरूरी सामग्री
-
बेसन – 1 कप
-
ताजा पालक – 1 कप
-
दही – 2 बड़े चम्मच
-
अदरक – 1 छोटा टुकड़ा
-
हरी मिर्च – 1 से 2
-
हल्दी – ¼ छोटा चम्मच
-
नमक – स्वादानुसार
-
नींबू का रस – 1 छोटा चम्मच
-
ईनो – 1 छोटा चम्मच
-
पानी – जरूरत के अनुसार
तड़के के लिए सामग्री:
-
तेल – 1 बड़ा चम्मच
-
राई – ½ छोटा चम्मच
-
तिल – 1 छोटा चम्मच
-
करी पत्ता – 6 से 8
-
हरी मिर्च – 1 से 2
-
थोड़ा पानी और नींबू का रस
पालक ढोकला बनाने का आसान तरीका
स्टेप 1: सबसे पहले तैयार करें पालक का पेस्ट
पालक की पत्तियों को अच्छी तरह धो लें। अब इन्हें अदरक और हरी मिर्च के साथ मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाकर इसका स्मूद पेस्ट तैयार कर लें।
स्टेप 2: तैयार करें ढोकले का बैटर
एक बड़े बर्तन में एक कप बेसन लें। इसमें पालक का पेस्ट, दही, हल्दी, नमक और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा लेकिन स्मूद बैटर तैयार करें। ध्यान रखें कि इसमें गांठें न रहें।
स्टेप 3: ढोकले को बनाएं स्पंजी
अब एक स्टीमर में पानी गर्म होने के लिए रख दें। ढोकला बनाने वाली प्लेट या थाली में थोड़ा तेल लगाकर चिकना कर लें। बैटर में सबसे आखिर में ईनो डालें और हल्के हाथ से मिलाएं। इसके बाद तुरंत बैटर को प्लेट में डाल दें।
स्टेप 4: भाप में पकाएं
प्लेट को स्टीमर में रखें और ढक्कन बंद कर दें। मध्यम आंच पर करीब 15 से 20 मिनट तक ढोकले को पकाएं। पकने के बाद इसमें टूथपिक डालकर देखें। अगर टूथपिक साफ बाहर आती है, तो ढोकला तैयार है। इसे थोड़ा ठंडा होने दें और फिर मनचाहे आकार में काट लें।
तड़का लगाएंगे तो बढ़ जाएगा स्वाद
अब एक छोटे पैन में तेल गर्म करें। इसमें राई, तिल, करी पत्ता और कटी हुई हरी मिर्च डालकर तड़का तैयार करें। इसमें थोड़ा पानी और नींबू का रस मिलाकर इस तड़के को ढोकले के ऊपर डाल दें। इससे ढोकला स्वादिष्ट और हल्का नम बना रहेगा।
हरी चटनी के साथ करें सर्व
तैयार पालक ढोकले को हरी धनिया की चटनी या इमली की मीठी चटनी के साथ परोसें। इसका हल्का मसालेदार और खट्टा स्वाद नाश्ते को खास बना देगा। आप इसे बच्चों के टिफिन या शाम के हल्के स्नैक्स के तौर पर भी रख सकते हैं।