तमिलनाडु में कार्तिगै दीपम के मौके पर तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी पर दीपक जलाने को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है, सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को पहाड़ी पर स्थित दीपथून नाम के पत्थर के स्तंभ पर दीपक जलाने की अनुमति दी थी लेकिन मंगलवार शाम को दीपक केवल पारंपरिक स्थान पर जलाया गया । दीपथून स्तंभ पर दीपक नहीं जलने के बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने का आरोप लगाया।
तमिलनाडु के कानून मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार ने बताया कि दीपक उचिपिल्लयार मंदिर के पास स्थित पारंपरिक दीपमंडपम में जलाया गया । यह स्थान भगवान सुब्रमणिया स्वामी मंदिर के ऊपर पहाड़ी पर है। दूसरी ओर दीपथून स्तंभ के पास दीपक जलाने की मांग कर रहे लोगों ने विरोध किया, पुलिस ने पहाड़ी के नीचे प्रदर्शन कर रहे लोगों को हटाया।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या निर्देश दिया था?
सुप्रीम कोर्ट ने 21 नवंबर को दिए अंतरिम आदेश में इस साल 24 नवंबर को दीपथून स्तंभ पर एक बार दीपक जलाने की अनुमति दी थी, अदालत ने इसके लिए मंदिर प्रशासन की ओर से अधिकृत सीमित टीम बनाने और जिला कलेक्टर को पूरी व्यवस्था का जिम्मा सौंपने का निर्देश दिया था । आम लोगों को इस रस्म में शामिल होने की अनुमति नहीं थी। अदालत ने सुरक्षा और पुरातात्विक संरचना की सुरक्षा से जुड़ी शर्तें भी रखी थीं ।कोर्ट ने यह भी साफ किया था कि यह अनुमति केवल इस साल के लिए है ।
भाजपा ने दी परिणाम भुगतने की चेतावनी
दीपथून पर दीपक नहीं जलाए जाने के बाद भाजपा नेता और पार्टी के तमिलनाडु प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने राज्य सरकार पर निशाना साधा । उन्होंने कहा कि सरकार का यह कहना कि दीपक पारंपरिक स्थान पर जलाया गया सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने से इनकार करने जैसा है । उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार को इसके परिणाम भुगतने होंगे।
कांग्रेस और VCK ने सरकार के रुख का समर्थन किया
तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने कहा कि दीपक उसी जगह जलाया गया, जहां उसे जलाया जाना चाहिए। VCK प्रमुख थोल थिरुमावलावन ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश जारी करने का अधिकार केवल राज्य सरकार के पास है । वही कानून के जानकारों का मानना है कि जिला कलेक्टर को अदालत के आदेश का पालन करना चाहिए था और तीन दिन के भीतर अनुपालन रिपोर्ट देनी चाहिए।