प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर दिल्ली स्थित लोकनिवास पहुंचे, यहां आयोजित विशेष शबद कीर्तन में उन्होंने हिस्सा लिया और गुरबाणी सुनी। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू भी मौजूद रहे ।प्रधानमंत्री पहली बार दिल्ली के उपराज्यपाल आवास पहुंचे थे ।
गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व मंगलवार को मनाया जाएगा, इससे एक दिन पहले लोकनिवास में आयोजित इस कार्यक्रम को सिख परंपरा और गुरबाणी को समर्पित रखा गया। शबद कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव की शिक्षाओं और उनके संदेशों को याद किया गया, पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल रहा।
PM मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने प्रकाश पर्व की देशवासियों को शुभकामनाएं दीं, उन्होंने कहा कि इस पवित्र माहौल में गुरु नानक देव के सामने शीश झुकाकर उन्हें संतोष और श्रद्धा का अनुभव हो रहा है। पीएम मोदी ने गुरुपर्व के आयोजन में शामिल होने और शबद कीर्तन सुनने का अवसर देने के लिए उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू का आभार भी जताया।
गुरु नानक देव की शिक्षाओं को किया याद
गुरु नानक देव सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु थे, उनका प्रकाश पर्व जन्मदिवस के अवसर पर मनाया जाता है। इस दिन गुरुद्वारों में विशेष कीर्तन, अरदास और धार्मिक आयोजन होते हैं । उनकी शिक्षाएं समानता, सेवा, प्रेम और मानवता का संदेश देती हैं।