कोलकाता। पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंगा’ करने की तैयारी है, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को बताया कि राज्य कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसे 9 दिसंबर को विधानसभा में पेश किया जाएगा ।विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 से 14 दिसंबर तक चलेगा, मुख्यमंत्री के मुताबिक विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे आगे की प्रक्रिया के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।
क्यों बदला जा रहा है पश्चिम बंगाल का नाम?
भाजपा का तर्क है कि ‘पश्चिम बंगा’ नाम राज्य की ऐतिहासिक और क्षेत्रीय पहचान को बेहतर तरीके से दर्शाता है, 1947 में बंगाल के बंटवारे के बाद इसका पश्चिमी हिस्सा भारत में रहा और पश्चिम बंगाल राज्य बना ।पार्टी के कुछ नेताओं ने ‘बांग्ला’ नाम पर आपत्ति जताई थी. उनका कहना था कि यह नाम पड़ोसी देश बांग्लादेश से मिलता-जुलता है । इससे पहले भी 1999 और 2011 में राज्य का नाम बदलने के प्रस्ताव सामने आ चुके हैं।
अब तक किन राज्यों के नाम बदले?
केरल का नाम बदलकर केरलम किए जाने के बाद इस सूची में छह राज्यों के नाम गिने जा सकते हैं। इनमें पुराने नाम से नए नाम का बदलाव इस तरह है
-
यूनाइटेड प्रोविंसेज – उत्तर प्रदेश (1950)
-
मद्रास – तमिलनाडु (1969)
-
मैसूर – कर्नाटक (1973)
-
उत्तरांचल – उत्तराखंड (2007)
-
उड़ीसा – ओडिशा (2011)
-
केरल – केरलम (2026)
इस गिनती में राज्यों के गठन और पुनर्गठन से जुड़े कुछ पुराने बदलाव शामिल नहीं हैं, केंद्र शासित प्रदेशों के नामों में हुए बदलाव भी अलग हैं।
क्या है राज्य का नाम बदलने की प्रक्रिया?
संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत किसी राज्य का नाम बदलने का अधिकार संसद के पास है। इसकी प्रक्रिया में मुख्य रूप से ये चरण शामिल हैं
-
राज्य सरकार नाम बदलने का प्रस्ताव तैयार करती है।
-
प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास भेजा जाता है।
-
राष्ट्रपति की सिफारिश पर संबंधित विधेयक राज्य विधानसभा को उसकी राय के लिए भेजा जाता है।
-
इसके बाद विधेयक राष्ट्रपति की सिफारिश से संसद में पेश होता है। लोकसभा और राज्यसभा से साधारण बहुमत से पारित होना जरूरी है।
-
राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने और कानून लागू होने के बाद राज्य का नाम आधिकारिक रूप से बदल जाता है।
इसलिए 9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव पारित होना अंतिम फैसला नहीं होगा, पश्चिम बंगाल का नाम बदलने के लिए संसद की मंजूरी और राष्ट्रपति की स्वीकृति भी जरूरी होगी ।