मध्य प्रदेश के श्योपुर में आंधी और बारिश की घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई। यूपी में भारी बारिश के कारण कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ।
मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। श्योपुर जिले में आंधी और बारिश से जुड़े हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के 3 सदस्य शामिल हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश और आंधी ने जनजीवन प्रभावित किया। हाथरस में सड़कें जलमग्न हो गईं, जबकि लखनऊ में दिन के समय घने बादलों और धूलभरी आंधी के कारण अंधेरा छा गया।
श्योपुर में दीवार गिरने से परिवार उजड़ा
श्योपुर जिले में तेज बारिश और आंधी के दौरान एक मकान की दीवार गिर गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। जिले में अलग-अलग घटनाओं को मिलाकर कुल चार लोगों की जान गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
मध्य प्रदेश में 15 से 18 जून के बीच मानसून की दस्तक
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में मानसून 15 से 18 जून के बीच प्रवेश कर सकता है। इससे पहले प्री-मानसून सिस्टम सक्रिय है, जिसके चलते कई जिलों में तेज हवाएं, बारिश और कहीं-कहीं ओले गिरने की स्थिति बन रही है। शनिवार के लिए प्रदेश के 5 जिलों में आंधी और 33 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी में सड़कें डूबीं, लखनऊ में दिन में छाया अंधेरा
उत्तर प्रदेश में शनिवार सुबह कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। हाथरस में कोतवाली परिसर और आसपास की सड़कें पानी से भर गईं। कानपुर, उन्नाव और फतेहपुर में भी बारिश हुई। लखनऊ में तेज आंधी और बादलों के कारण दिन में ही अंधेरे जैसे हालात बन गए।प्रदेश के 54 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की चेतावनी दी है।
देशभर में प्री-मानसून का असर
गुजरात को छोड़कर देश के अधिकांश राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। राजस्थान के अलवर, कोटपूतली-बहरोड़ और श्रीगंगानगर में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। कई इलाकों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
9 दिन में 19 राज्यों तक पहुंचा मानसून
4 जून को केरलम में दस्तक देने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ा है। मानसून झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है। अगले तीन दिनों में इसके छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
कई राज्यों में अब भी गर्मी का प्रकोप
बारिश और आंधी के बीच देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर बरकरार है। शुक्रवार को राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मध्य प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
|
शहर/राज्य
|
अधिकतम तापमान
|
|
श्रीगंगानगर (राजस्थान)
|
44.2°C
|
|
वर्धा (महाराष्ट्र)
|
43.5°C
|
|
अकोला (महाराष्ट्र)
|
43.5°C
|
|
आदिलाबाद (तेलंगाना)
|
43.2°C
|