दक्षिण-पश्चिम मानसून स्थिर, 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट। यूपी में तूफान से 3 मौतें, चित्रकूट में ऑडिटोरियम की छत उड़ी।
दक्षिण-पश्चिम मानसून पिछले सात दिनों से एक ही स्थान पर ठहरा हुआ है, जबकि देशभर में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को 22 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में तूफान और खराब मौसम से जुड़े हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पंजाब में एक बच्चे की जान चली गई।
चित्रकूट में उड़ गई ऑडिटोरियम की छत
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में तेज आंधी के कारण करीब 4.5 करोड़ की लागत से बने ऑडिटोरियम की छत उड़ गई। इटावा, सीतापुर और फिरोजाबाद में अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं पंजाब के मानसा जिले में लोहे का गेट गिरने से नौ वर्षीय बच्चे की जान चली गई।
22 राज्यों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, तमिलनाडु, केरलम, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गोवा समेत 22 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
कई राज्यों में बारिश, फिर भी गर्मी बरकरार
बारिश के बावजूद देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी बनी हुई है। पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 45.9 डिग्री, महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में 45.5 डिग्री और मध्य प्रदेश के खजुराहो में 45 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
अगले तीन-चार दिन में आगे बढ़ सकता है मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों में मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के शेष हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। वहीं मध्य भारत और उत्तर भारत में प्री-मानसून गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
राज्यों में अलर्ट
-
मध्य प्रदेश: 34 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कुछ इलाकों में ओले गिर सकते हैं।
-
राजस्थान: 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज आंधी और बारिश की संभावना।
-
उत्तर प्रदेश: सभी 75 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट।
-
बिहार: 38 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी।
-
छत्तीसगढ़: अगले 3-4 दिनों में मानसून प्रवेश की संभावना।