दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सरकारी आवास रहा 'शीश महल' अब आम लोगों के लिए खोला जाएगा । दिल्ली सरकार में लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने 17 नवंबर को इसकी घोषणा की। सरकार अगले सप्ताह तक लोगों के लिए यहां घूमने और टिकट बुक करने की व्यवस्था तैयार करेगी। शुरुआत में पत्रकारों को परिसर का दौरा कराया जाएगा इसके बाद आम जनता टिकट लेकर इसके अंदरूनी हिस्से देख सकेगी ।
मंत्री प्रवेश वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जनता की मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है उन्होंने आरोप लगाया कि सादगी की बात करने वाले केजरीवाल ने अपने लिए आलीशान आवास तैयार कराया, उनके मुताबिक लोगों को इस आवास को दिखाने का मकसद कथित भ्रष्टाचार और सरकारी खर्च की पूरी तस्वीर सामने लाना है।
33.66 करोड़ रुपये में हुआ था नवीनीकरण
यह आवास दिल्ली के 6, फ्लैगस्टाफ रोड पर स्थित है, अरविंद केजरीवाल 2015 से 2024 तक मुख्यमंत्री रहते हुए इसी बंगले में रहे थे । भाजपा ने इसके नवीनीकरण पर हुए खर्च को लेकर इसे 'शीश महल' नाम दिया था, फरवरी 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भी यह मुद्दा राजनीतिक चर्चा में रहा था। मार्च 2026 में दिल्ली विधानसभा में पेश CAG रिपोर्ट के अनुसार आवास के नवीनीकरण पर 33.66 करोड़ रुपये खर्च हुए । यह शुरुआती अनुमानित लागत से 342.31 प्रतिशत अधिक था, रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि 18.88 करोड़ रुपये बेहतर निर्माण सामग्री, कलात्मक, प्राचीन और सजावटी वस्तुओं पर खर्च किए गए।
पहले पत्रकारों को दिखाया जाएगा परिसर
प्रवेश वर्मा के मुताबिक अगले दो-तीन दिनों में मीडिया के लिए विशेष दौरा आयोजित किया जाएगा । इसके बाद आम लोगों के लिए टिकट और आरक्षण की व्यवस्था शुरू होगी। हालांकि, टिकट की कीमत और बुकिंग की प्रक्रिया का पूरा विवरण अभी जारी नहीं किया गया हैइस मामले में आम आदमी पार्टी पहले CAG रिपोर्ट से जुड़े आरोपों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हुए कह चुकी है कि यह मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास था निजी संपत्ति नहीं।