किसी दौर में घर के बाहर खड़ी एक छोटी-सी सफेद मारुति 800 पूरे परिवार के लिए किसी बड़े सपने के सच होने जैसी होती थी। बच्चों के लिए स्कूल जाने की खुशी हो या परिवार के साथ पहली लंबी यात्रा, इस कार ने लाखों भारतीयों की यादों में अपनी खास जगह बनाई। अब वही मारुति 800 एक बार फिर सुर्खियों में है। कभी आम आदमी की पहली सवारी बनी इस कार को अंतरराष्ट्रीय मंच पर ऐसा सम्मान मिला है, जिसने भारतीय ऑटोमोबाइल इतिहास में एक नया गौरवशाली अध्याय जोड़ दिया है।
मारुति 800 को Fédération Internationale des Véhicules Anciens (FIVA) के प्रतिष्ठित World Vehicle Heritage Award से सम्मानित किया गया है। इसके साथ ही यह सम्मान पाने वाली भारत की पहली और एकमात्र कार बन गई है। दुनिया की 21 ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण गाड़ियों में मारुति 800 को शामिल किया गया है।
वैश्विक मंच पर चमकी भारत की मारुति 800
FIVA की ओर से शुरू किए गए इस पहले World Vehicle Heritage Award का उद्देश्य उन वाहनों को पहचान देना है, जिन्होंने अपने देश की पहचान, सामाजिक जीवन और औद्योगिक विकास को प्रभावित किया है। इस सम्मान में केवल महंगी या दुर्लभ कारों को प्राथमिकता नहीं दी गई, बल्कि उन वाहनों को भी महत्व दिया गया है, जिन्होंने आम लोगों की जिंदगी में बड़ा बदलाव लाया।
मारुति 800 को अमेरिका, ब्राजील, जर्मनी, फ्रांस, ऑस्ट्रिया और स्लोवेनिया जैसे देशों के ऐतिहासिक वाहनों के साथ जगह मिली है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि एक आम परिवार की जरूरतों को पूरा करने वाली कार अब वैश्विक ऑटोमोबाइल विरासत का हिस्सा बन गई है।
1983 में शुरू हुआ था सफर
मारुति 800 की कहानी साल 1982 से जुड़ी है, जब सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन ने भारत सरकार के साथ संयुक्त उपक्रम के जरिए भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में कदम रखा। इसके बाद दिसंबर 1983 में मारुति 800 का उत्पादन शुरू हुआ।
उस समय भारत में कार खरीदना हर परिवार के बस की बात नहीं थी। महंगी गाड़ियों और सीमित विकल्पों के बीच मारुति 800 ने आम लोगों को कार खरीदने का सपना देखने का मौका दिया। छोटी बनावट, आसान ड्राइविंग और किफायती पहचान ने इसे देखते ही देखते लोकप्रिय बना दिया।
तीन दशक में बनीं 29 लाख से ज्यादा कारें
मारुति 800 की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब तीन दशकों तक इसका उत्पादन जारी रहा। इस दौरान इसकी 29 लाख से अधिक यूनिट तैयार की गईं।
यह कार केवल भारतीय सड़कों तक सीमित नहीं रही। साल 1987 में इसका निर्यात शुरू हुआ और हंगरी, फ्रांस तथा बेल्जियम जैसे यूरोपीय देशों तक भारतीय निर्मित मारुति 800 पहुंची। इसने भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी क्षमता दिखाने का अवसर दिया।
भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग को मिली नई पहचान
मारुति सुजुकी के चेयरमैन आरसी भार्गव के मुताबिक, मारुति 800 ने उस दौर में भारत की निर्माण क्षमता को साबित किया, जब भारतीय इंजीनियरिंग उत्पादों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जाते थे। उन्होंने यह भी बताया कि इस कार और मोटराइजेशन के विस्तार से लाखों रोजगार के अवसर पैदा हुए।
सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष तोशिहिरो सुजुकी ने भी इस सम्मान पर खुशी जताई। उनके मुताबिक, शुरुआती दौर में कंपनी ने भारत में सालाना 40 हजार कारों के उत्पादन की क्षमता के साथ शुरुआत की थी, लेकिन अगले 30 वर्षों में 29 लाख से अधिक मारुति 800 बनाई गईं।
सिर्फ कार नहीं, एक पीढ़ी की यादों का हिस्सा
मारुति 800 का महत्व उसके इंजन, डिजाइन या बिक्री के आंकड़ों तक सीमित नहीं है। इसने भारतीय परिवारों को निजी वाहन का अनुभव दिया और देश में कारों को लेकर लोगों की सोच बदल दी।
आज भले ही सड़कों पर मारुति 800 पहले जैसी नजर नहीं आती, लेकिन कई परिवारों के लिए यह उनकी पहली कार, पहली ड्राइव और पहली पारिवारिक यात्रा की यादों से जुड़ी है।
FIVA का यह सम्मान उसी विरासत को वैश्विक पहचान देता है। कभी आम आदमी के सपनों को पहिए देने वाली मारुति 800 ने साबित कर दिया कि इतिहास रचने के लिए हमेशा सबसे महंगी या सबसे ताकतवर कार होना जरूरी नहीं, कभी-कभी लोगों के दिलों में बनाई गई जगह ही सबसे बड़ी उपलब्धि बन जाती है।