नई दिल्ली। दिल्ली से बिहार और पूर्वोत्तर भारत का सफर आने वाले समय में काफी तेज हो सकता है, केंद्र सरकार की नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर योजना के तहत करीब 1,500 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड रेल नेटवर्क विकसित करने की तैयारी है । यह कॉरिडोर दिल्ली को उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम के प्रमुख शहरों से जोड़ेगा ।रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नवंबर में बताया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कॉरिडोर को मंजूरी दी है। यह दिल्ली का पहला बुलेट ट्रेन कॉरिडोर होगा। देश में इससे पहले मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना पर काम चल रहा है।
बिहार में होंगे पांच प्रस्तावित स्टेशन
इस परियोजना से बिहार को खास फायदा मिलने की उम्मीद है, प्रस्तावित रूट पर राज्य में पांच स्टेशन बनाए जाने की योजना है। इनमें बक्सर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया और कटिहार शामिल हैं ।अभी सामान्य ट्रेनों से दिल्ली से पटना पहुंचने में करीब 11 से 14 घंटे लगते हैं। प्रस्तावित बुलेट ट्रेन से यह सफर घटकर लगभग 4 घंटे 41 मिनट रह सकता है, बक्सर उत्तर प्रदेश की सीमा से बिहार में प्रवेश का पहला स्टेशन होगा।
दूसरे शहरों तक भी घटेगा यात्रा समय
प्रस्तावित कॉरिडोर से कई शहरों के बीच यात्रा का समय कम होने का अनुमान है ।
-
दिल्ली से लखनऊ: करीब 2 घंटे 12 मिनट।
-
दिल्ली से सिलीगुड़ी: करीब 6 घंटे।
-
दिल्ली से गुवाहाटी: 8 घंटे से कम।
यह नेटवर्क आगरा, कानपुर, अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज जैसे शहरों को भी जोड़ेगा ।
तीन चरणों में बनेगा कॉरिडोर
योजना के मुताबिक इसका निर्माण तीन चरणों में किया जाएगा पहले चरण में दिल्ली-वाराणसी, दूसरे में वाराणसी-सिलीगुड़ी और तीसरे में सिलीगुड़ी-गुवाहाटी सेक्शन विकसित करने की योजना है । रेल मंत्री के मुताबिक बुलेट ट्रेन का किराया हवाई जहाज के मुकाबले काफी कम रखने का प्रयास होगा । इससे छोटे उद्योगों, स्थानीय कारोबार, कारीगरों और युवाओं को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।