ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, हार्ट और विटामिन से जुड़ी 30 जरूरी दवाओं की कीमत सरकार ने तय कर दी है। कई दवाएं अब पहले से सस्ती मिल सकती हैं। जानिए पूरी लिस्ट और इसका आम लोगों पर असर।
लंबे समय से डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारियों की दवाएं लेने वाले करोड़ों मरीजों के लिए राहत भरी खबर आई है। केंद्र सरकार के तहत काम करने वाली National Pharmaceutical Pricing Authority (NPPA) ने 30 जरूरी दवा फॉर्मूलेशन की खुदरा कीमतें तय कर दी हैं। इसके बाद कई महत्वपूर्ण दवाओं की अधिकतम कीमत निर्धारित हो गई है।
नई कीमतों में ब्लड प्रेशर की एक प्रमुख दवा का रेट ₹9.40 प्रति टैबलेट और डायबिटीज की एक कॉम्बिनेशन दवा का रेट ₹11.91 प्रति टैबलेट तय किया गया है। ऐसे में उन मरीजों को सीधा फायदा मिल सकता है जिन्हें हर महीने नियमित दवाएं खरीदनी पड़ती हैं।
किन दवाओं की कीमत तय की गई?
NPPA के आदेश के मुताबिक कीमत नियंत्रण में डायबिटीज, हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर, एलर्जी, संक्रमण, विटामिन सप्लीमेंट और इम्यूनोसप्रेसेंट दवाएं शामिल हैं। सरकार का कहना है कि यह कदम इलाज को ज्यादा किफायती बनाने के लिए उठाया गया है। सबसे ज्यादा चर्चा जिन दवाओं की हो रही है, उनमें हाई ब्लड प्रेशर और कार्डियोवैस्कुलर बीमारियों में इस्तेमाल होने वाली Bisoprolol Fumarate और Amlodipine टैबलेट शामिल हैं, जिनकी कीमत ₹9.40 प्रति टैबलेट तय की गई है। वहीं Sitagliptin, Glimepiride और Metformin वाली डायबिटीज कॉम्बिनेशन दवा का रेट ₹11.91 प्रति टैबलेट निर्धारित किया गया है।
डायबिटीज और हार्ट मरीजों को कितना फायदा?
दरअसल, भारत में बड़ी संख्या में लोग ऐसी बीमारियों से जूझ रहे हैं जिनमें रोजाना दवा लेना जरूरी होता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि दवाओं पर होने वाला खर्च कई परिवारों के मासिक बजट का बड़ा हिस्सा खा जाता है। यही वजह है कि सरकार का यह फैसला सिर्फ कीमत तय करने तक सीमित नहीं माना जा रहा। अगर कंपनियां तय रेट पर दवाएं उपलब्ध कराती हैं तो नियमित इलाज करा रहे मरीजों का खर्च कम हो सकता है और इलाज बीच में छोड़ने की समस्या भी घट सकती है।
पूरी लिस्ट में और कौन-कौन सी दवाएं शामिल?
नई सूची में Vitamin D3 Oral Solution, कैल्शियम और विटामिन सप्लीमेंट, एलर्जी की दवाएं, कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने वाली दवाएं और कुछ इम्यूनोसप्रेसेंट मेडिसिन भी शामिल हैं।
कुछ प्रमुख कीमतें इस प्रकार हैं
- ब्लड प्रेशर/हृदय रोग दवा (Bisoprolol + Amlodipine): ₹9.40 प्रति टैबलेट
- डायबिटीज दवा (Sitagliptin + Glimepiride + Metformin): ₹11.91 प्रति टैबलेट
- Empagliflozin + Sitagliptin + Metformin ER: ₹14.88 प्रति टैबलेट
- Vitamin D3 Oral Solution (60,000 IU): ₹14.91 प्रति मिलीलीटर
- Tacrolimus Prolonged Release Capsule 3 mg: ₹127 प्रति कैप्सूल
अब समझिए सबसे अहम बात। NPPA ने साफ कहा है कि दवा निर्माता कंपनियों को नई तय कीमतों के अनुसार अपने पैक रेट अपडेट करने होंगे। साथ ही दुकानदारों और वितरकों को भी संशोधित मूल्य सूची प्रदर्शित करनी होगी। अगर कोई कंपनी या विक्रेता तय कीमत से ज्यादा वसूली करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है और अतिरिक्त वसूली गई राशि ब्याज समेत जमा करानी पड़ सकती है। यह आदेश Drugs (Prices Control) Order, 2013 के तहत जारी किया गया है। फिलहाल मरीजों और उपभोक्ता संगठनों की नजर इस बात पर है कि नई कीमतों वाली दवाएं बाजार में कितनी जल्दी उपलब्ध होती हैं। क्योंकि डायबिटीज, बीपी और दिल की बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह फैसला सीधे जेब से जुड़ा हुआ है।