टीएमसी की हबीबपुर से घोषित उम्मीदवार सरला मुर्मू सहित 5 विधायक भाजपा में शामिल

Update: 2021-03-08 13:38 GMT

कोलकाता। प. बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी फेरबदल का क्रम जारी है। तृणमूल की सरला मुर्मू सहित पांच विधायक एवं मालदा जिला परिषद के कई सदस्यों ने आज भाजपा का दामन थाम लिया है।

आज सुबह मालदा के हबीबपुर से घोषित टीएमसी उम्मीदवार सरला मुर्मू तृणमूल छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया। इसके अलावा सिंगूर के विधायक रवींद्रनाथ भट्टाचार्य, विधायक व फुटबॉलर दिपेंदु विश्वास, विधायक सोनाली गुहा, विधायक जुटू लाहिड़ी, विधायक शीतल सरदार, अभिनेत्री तनुश्री चक्रवर्ती व मालदा जिला परिषद के कई सदस्य सोमवार को भाजपा में शामिल हो गए। इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय, बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष और शुभेंदु अधिकारी उपस्थिति रहे।

टिकट न मिलने से असंतुष्ट - 

 तृणमूल ने रवींद्रनाथ भट्टाचार्य को इस बार टिकट नहीं दिया गया है, उनकी जगह बेचाराम मन्ना को उम्मीदवार बनाया गया है। इसी तरह से दिपेंदु विश्वास बशीरहाट के विधायक थे, लेकिन उन्हें भी टिकट नहीं दिया गया। वहीं, सरला मुर्मु को मालदा हबीबपुर से तृणमूल से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह भी भाजपा में शामिल हो गईं। उसी तरह से सोनाली गुहा और जुटू लाहिड़ी को भी इस बार तृणमूल ने उम्मीदवार नहीं बनाया था। तृणमूल से टिकट न मिलने पर यह सभी लोग असंतुष्ट थे।

भाजपा को होगा लाभ - 

इस दौरान दिलीप घोष ने कहा कि आज जो लोग शामिल हुए हैं, उनमें से ज्यादातर अनुभवी राजनीतिज्ञ हैं। भाजपा को इसका लाभ मिलेगा। इन लोगों को टिकट दिया जाएगा या नहीं, इसका फैसला अभी नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने वर्षों से ममता के साथ राजनीति की है, लेकिन अब वह उन लोगों पर संदेह कर रही हैं। वह नंदीग्राम में चुनाव लड़ने गई हैं। यह पूरी तरह से उनकी नैतिक पराजय है।

Tags:    

Similar News