तुर्की जा रही फ्लाइट का इंजन खराब, कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग, 236 यात्री थे सवार
नेपाल के काठमांडू से इस्तांबुल तुर्किश एयरलाइंस का एक बड़ा विमान जा रहा था। इसमें बुधवार दोपहर तकनीकी खराबी के कारण अचानक कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
नई दिल्लीः महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के प्लेन हादसे की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि बुधवार को कोलकाता से एक और विमान से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ गई। कोलकाता एयरपोर्ट पर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब तुर्की एयरलाइंस की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 236 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
यह विमान काठमांडू से तुर्की के इस्तांबुल जा रहा था। उड़ान के दौरान पायलट को विमान के दाहिने इंजन में आग लगने की आशंका हुई, जिसके बाद तुरंत कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई।
उड़ान के तुरंत बाद एक इंजन खराब
मिली जानकारी के मुताबिक, टर्किश विमान टीएचवाई-727 ने नेपाल के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। हवा में पहुंचते ही एक इंजन में गंभीर तकनीकी खराबी के संकेत मिले। पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत काठमांडू एटीसी को स्थिति से अवगत कराया।
स्थिति का आकलन करने के लिए विमान को नेपाल के धाडिंग जिले के पास कुछ समय तक हवा में होल्ड पर रखा गया। जांच के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि एक इंजन के सहारे लंबी दूरी की उड़ान सुरक्षित नहीं होगी।
सुरक्षा को दी गई प्राथमिकता
हालांकि पायलटों के पास विमान को वापस काठमांडू ले जाने या भैरहवा एयरपोर्ट पर उतारने का विकल्प मौजूद था, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए विमान को कोलकाता की ओर मोड़ने का फैसला लिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NSCBI) पर बुधवार दोपहर 2:49 बजे विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
सभी यात्री सुरक्षित, तकनीकी जांच जारी
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, इमरजेंसी लैंडिंग के बाद विमान को एयरपोर्ट पर ही रोक लिया गया है। NSCBI एयरपोर्ट के निदेशक ने पुष्टि की है कि विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि इंजन में वास्तव में आग लगी थी या फिर यह केवल चेतावनी संकेत (वॉर्निंग अलर्ट) था।
फिलहाल सभी यात्री और प्लेन में मौजूद 11 क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई थी।