Air India Flight: एयर इंडिया की एक और फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी, कोलकाता में उतारा सभी यात्रियों को

Update: 2025-06-17 02:58 GMT

Technical Glitch in Air India San Francisco-Mumbai Flight :  कोलकाता। एयर इंडिया की फ्लाइट AI180, जो सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए मुंबई जा रही थी, में 17 जून 2025 को तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान से उतरना पड़ा।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, विमान के बाएं इंजन में खराबी आई, जिसके चलते कोलकाता से मुंबई के लिए उड़ान में देरी हुई। फ्लाइट कप्तान ने घोषणा की कि यह कदम उड़ान सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। 

फ्लाइट AI180 निर्धारित समय पर सैन फ्रांसिस्को से रवाना हुई थी। सोमवार देर रात 12:45 बजे कोलकाता पहुंचने पर इंजन में खराबी का पता चला। इसके बाद, मंगलवार सुबह 5:20 बजे यात्रियों को विमान से उतरने के लिए कहा गया। ग्राउंड स्टाफ ने टरमैक पर खड़े विमान के बाएं इंजन का निरीक्षण किया, जिसका एक वीडियो भी सामने आया। कप्तान ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा के लिए लिया गया।

यह घटना अहमदाबाद में पांच दिन पहले हुई एक बड़ी विमान दुर्घटना के बाद सामने आई। 12 जून 2025 को, एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लंदन जा रही थी, उड़ान भरने के कुछ सेकंड बाद ही बीजे मेडिकल कॉलेज की हॉस्टल बिल्डिंग से टकरा गई।

इस हादसे में 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई, जिसमें 230 यात्री, 10 केबिन क्रू और दो पायलट शामिल थे। केवल एक ब्रिटिश नागरिक, विश्वास कुमार रमेश, इस दुर्घटना में बच पाए। इस हादसे में कुल 270 लोगों की जान गई।

इसके अलावा, एक दिन पहले लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सऊदी एयरलाइंस के एक विमान में उतरते समय पहियों से धुआं निकलने की घटना हुई। यह विमान जेद्दा से 242 हज यात्रियों को लेकर आया था। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया, और विमान को कोई नुकसान नहीं हुआ।

यूपी के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि सभी हज यात्री सुरक्षित हैं और इस घटना का अहमदाबाद हादसे से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश से 14,000 हज यात्री गए थे, और यात्रा सुचारू रही। जांच के सवाल पर उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट प्रशासन इस पर बेहतर जवाब दे सकता है। 

Tags:    

Similar News