जो लिखूंगा सच लिखूंगा…

अनुराग उपाध्याय

Update: 2026-02-09 03:36 GMT

रिश्वतखोर कलेक्टर

कलेक्टर पैसे खाते हैं या कलेक्टर भ्रष्टाचार करते हैं, बात एक ही है। कान आप कैसे भी पकड़ लें। पिछले दिनों जब मुख्य सचिव ने एक बैठक में 'कलेक्टर्स के करपशन' की तरफ इशारा किया तो पिनाका खींच गया। उसके बाद दबी जुबान में कलेक्टरों की रिश्वतखोरी की चर्चाएं भी सुनाई देने लगीं। अब राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा कह रहे हैं अफसरशाही में भ्रष्टाचार मौजूद है। कलेक्टरों को लेकर उनका कहना है थोड़ा बहुत तो हर जगह होता है। लेकिन जो रिश्वत लेता है वो राष्ट्रद्रोही है। इस बीच भाजपा संगठन की बैठक में एक वरिष्ठ मंत्री ने यह कहकर सब को चौंका दिया था कि प्रदेश के आधे से ज्यादा कलेक्टर माल पीटने में लगे हैं। तब इस वाकये को दबा दिया गया। लेकिन सियासी हल्कों से प्रशासनिक हल्कों तक चर्चा जोरों पर है कि कलेक्टर पैसे लेते हैं।

हमका माफी दई दो

ऑपरेशन सिंदूर वाली कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी करते समय मंत्री विजय शाह ने सोचा भी नहीं होगा कि इस मामले में अदालत उनसे नाक रगड़वा लेगी। बात मंत्री जी पद तक आई तो मसखरी करने वाले मंत्री शाह के तोते उड़ गये। तोते भी ऐसे उड़े कि वे अब तक वीडियो जारी करके पिछले साल तीन बार और एक बार इस साल माफी मांग चुके हैं। विजय शाह वैसे बड़बोले मंत्री माने जाते हैं और अपनी इस अदा के कारण विवादों में भी रहते हैं। हालांकि उनके बोलने को अब भाजपा संगठन भी गंभीरता से नहीं लेता है। लेकिन सर्वोच्च न्यायालय विजय शाह के मामले पर अब तक तो सख्त ही नजर आया है। मामला मंत्री पद से जुड़ा है तो सो मंत्री जी भी हमका माफी दई दो वाले भाव में नजर आ रहे हैं।

कांग्रेस कागजों में

कांग्रेस के आला नेता मानने लगे हैं कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस कागजों में चल रही है। बड़े नेताओं का यह मानना जायज भी है।पिछले दिनों कांग्रेस नेता पोथी पत्रा लेकर बैठे और संगठन की तलाश की तो पता चला संगठन हर जगह फल फूल रहा है। कागजों में उपलब्ध नंबरों से स्थानीय नेताओं को फोन किए गए तो 35 प्रतिशत फोन नंबर कई वर्ष पहले ही बंद हो चुके हैं। इसके बाद कांग्रेसियों को अपनी गिरती साख का अहसास हुआ। अब प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को ताकीद किया है कि अब कांग्रेस संगठन सिर्फ कागजों में नहीं हकीकत में जमीन पर नजर आना चाहिए। इस मामले में पतासाजी की तो सामने आया कि कांग्रेस के कई नेता कागजों में कांग्रेस के हैं लेकिन हकीकत में वे भाजपा के हो चुके हैं।

दिग्गी के पाले में जाएगी कांग्रेस

अगले विधानसभा चुनाव से पहले क्या मध्यप्रदेश कांग्रेस धीरे धीरे दिग्गी राजा के पाले में जा रही है? इस सवाल ने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के खेमे को परेशान कर रखा है। जीतू के सिपासहलार इस पर नजरें गड़ाए हुए हैं। दिग्गीराजा के राज्यसभा नहीं जाने के ऐलान के पीछे की सियासत को सब जानना और समझना चाहते हैं लेकिन अब तक कोई दिग्गी राजा की मंशा को समझ नहीं पाया है। इधर धीरे धीरे दिग्गीराजा फिर एमपी में एक्टिव हो रहे हैं। उनके पुराने साथियों के साथ तमाम युवा भी उनके बंगले पर नजर आने लगे हैं। इस बीच दिग्गीराजा की टीम प्रदेश में कुछ खास सर्वे करवा रही है, इसके बाद राजा प्रदेश के दौरे पर निकलेंगे।

भक्ति से मिलेगा पद

मध्यप्रदेश में प्रवक्ता पद से काम चला रहे भाजपा नेता राजपाल सिसोदिया अपने क्षेत्र में श्रीराम कथा और श्री हरिहर महायज्ञ करवा रहे हैं। ताकि प्रभु उन पर कृपा करें और वे तरक्की करें। ऐसा ही पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने संकटमोचन हनुमान मंदिर की स्थापना कर राम कथा करवाई। इधर डबरा में पूर्व मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने भी भव्य नवग्रह मंदिर स्थापित करवा दिया है। मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल के खेड़ापति हनुमान मंदिर कॉरिडोर को बनाने का संकल्प लिया है। पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने अपने क्षेत्र के मरीजों के लिए सरकारी बंगला खोल दिया है और उनके इलाज, खानपान की जिम्मेदारी उठा रहे हैं। कुल मिला के हर तरफ भक्ति भाव है। हमारी प्रभु से प्रार्थना है। इन सभी की मनोकामना पूर्ण करें

पर्ची निकालने वाले अफसर

अब तक पंडोखर और बागेश्वर बाबा लोगों की पर्ची निकाल कर लोगों के भूत और भविष्य के खुलासे करते रहे हैं। लेकिन अब एक आईएएस अफसर वल्लभ भवन के बी विंग में आगंतुकों की पर्ची निकाल कर उन्हें चौंका रहे हैं। साहब से मिलने आने वालों के सामने साहब कुछ पर्चियां रख देते हैं और कहते हैं जो पर्ची उठाओगे वो आप की ही होगी। बाबा बने इन अधिकारी के इस कारनामे को कुछ लोग चमत्कार मान रहे हैं तो कुछ ट्रिक बाजी। मामला जो भी हो। साहब की चर्चा जोरों पर है। इस मामले में मजे की बात यह है कि साहब ने अभी दूसरे अधिकारियों के पर्चे निकालना शुरू नहीं किये हैं। साहब का दावा है जो सामने हो वे उसी का परचा निकालते हैं। साहब कहते हैं वे पूरी पूरी रात साधना में रहते हैं और लोगों के बारे में सच जान लेना उसी का परिणाम है। समय बताएगा साहब भविष्य में साहब ही रहते हैं या बाबा में परिवर्तित हो जाते हैं। साहब के क़रीबियों का कहना है साहब यक्षणी को सिद्ध कर लिया हैं।

Similar News