रायपुर। देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए रायपुर में संचालित श्रीराम निःशुल्क प्रशिक्षण केंद्र एक मजबूत आधार बनकर उभरा है। यहां पुलिस और सुरक्षा बलों में चयनित होने की तैयारी कर रहे 60 से अधिक युवा प्रतिदिन कठोर शारीरिक और मानसिक प्रशिक्षण ले रहे हैं।
यह प्रशिक्षण केंद्र बीते पांच वर्षों से युवाओं को शारीरिक, मानसिक और नैतिक रूप से सशक्त बना रहा है। अब तक यहां से प्रशिक्षित 60 से अधिक युवा भारतीय सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी और पुलिस बल में चयनित होकर देश सेवा कर रहे हैं।
प्रशिक्षण की शुरुआत प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे राष्ट्रगान से होती है। इसके बाद दौड़, पुश-अप, सिट-अप, रस्सी चढ़ना, संतुलन अभ्यास और अन्य फिटनेस गतिविधियां कराई जाती हैं। युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाता है।
15 अगस्त 2020 को हुई थी शुरुआत
इस प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2020 को की गई थी। प्रारंभ में केवल तीन छात्रों के साथ शुरू हुआ यह प्रयास आज एक सुव्यवस्थित प्रशिक्षण मंच बन चुका है, जहां प्रतिदिन दर्जनों युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
प्रशिक्षण केंद्र के संचालक एवं प्रशिक्षक सेना में 17 वर्ष सेवा दे चुके पन्ना लाल सिन्हा हैं। उन्होंने वर्ष 1988 से 2005 तक सेना में अपनी सेवाएं दीं। उनका उद्देश्य केवल युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाना ही नहीं, बल्कि उनमें अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना को भी विकसित करना है।
कौशल्या माता विहार मैदान में अभ्यास
यह प्रशिक्षण केंद्र कौशल्या माता विहार क्षेत्र के खेल मैदान में संचालित किया जा रहा है। यहां प्रतिदिन 50 से अधिक छात्र-छात्राएं भाग लेते हैं। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को खेल प्रतियोगिताओं और शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी भी कराई जाती है। प्रशिक्षक का मानना है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में अपार प्रतिभा है और सही मार्गदर्शन मिलने पर वे देश की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा सकते हैं।