सपा विधायक पर कसा शिकंजा: बाहुबली रमाकांत यादव की 23 करोड़ की संपत्ति कुर्क…

Update: 2025-06-14 06:21 GMT

आजमगढ़। माफिया, हिस्ट्रीशीटर और आईएस 133 गैंग का लीडर सपा विधायक रमाकांत यादव की 23 करोड़ 42 लाख 81 हजार 400 रुपये की संपत्ति प्रशासन ने कुर्क कर ली है। यह संपत्ति अवैध रूप से अर्जित की गई थी। जिला मजिस्ट्रेट रविंद्र कुमार के आदेश पर शुक्रवार को गैंगस्टर एक्ट के तहत यह कार्रवाई की गई। रमाकांत सपा का बाहुबली विधायक है। उस पर जौनपुर और आजमगढ़ में 58 मुकदमे दर्ज हैं।

रमाकांत यादव ने फूलपुर-पवई सीट से साल 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा के टिकट से जीत हासिल की थी। सपा विधायक ने अवैध कमाई से थाना अतरौलिया क्षेत्र के बसही असरफपुर गांव में करोड़ों की संपत्ति खरीदी थी। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन और तहसीलदार फूलपुर कमल कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम कुर्की की कार्रवाई करने पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा ने बताया कि यह मामला साल 2022 में थाना अहरौला के माहुल कस्बे में हुए जहरीली शराब कांड से जुड़ा है।

मामले में रमाकांत यादव सहित 13 आरोपियों के नाम सामने आए थे। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। रमाकांत, फतेहगढ़ के केंद्रीय कारागार में बंद है। एसएसपी ने बताया कि रमाकांत यादव अपने गैंग के साथ मिलकर अवैध शराब बनाने, लूट, हत्या और अपहरण जैसे जघन्य अपराधों को अंजाम देता था। इन अवैध कार्यों के जरिए उसने करोड़ों की संपत्तियां खरीदी थीं।

राजस्व विभाग की जांच में पता चला कि रमाकांत ने अपने पुत्रों अरुण, वरुण, ऋषिकांत, रजनीकांत, दोनों पत्नियों के अलावा भांजे के नाम पर बसही असरफपुर में विभिन्न गाटा संख्या वाले आवासीय, कृषि और वाणिज्यिक जमीनें खरीदी थीं। इसकी कीमत 23 करोड़ 42 लाख 81 हजार 400 रुपये है। इनमें बड़ी जमीन 475 हेक्टेयर वाली है। इसकी कीमत 16 करोड़ 33 लाख रुपये आंकी गई।

एसएसपी के अनुसार रमाकांत यादव के खिलाफ विभिन्न थानों में 58 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अहरौला इलाके के माहुल में 21 फरवरी 2022 को हुई जहरीली शराब कांड में रमाकांत यादव का नाम सामने आया था। इसमें 7 से अधिक लोगों की जान चली गई थी, जबकि कई लोग बीमार हो गए थे। घटना की जांच में पता चला था कि जहरीली शराब उनके भांजे के ठेके से बेची गई थी।

Tags:    

Similar News