SwadeshSwadesh

कल्याण सिंह के निधन पर 3 दिन का राजकीय शोक, अंत्येष्टि के दिन सार्वजनिक अवकाश

सीएम योगी ने बताया कि रविवार की शाम कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर अलीगढ़ ले जाया जाएगा। लोगों के दर्शन के लिए वहां स्टेडियम में व्यवस्था हो रही है।

Update: 2021-08-21 17:45 GMT

लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की अंत्येष्टि 23 अगस्त की शाम उनके पैतृक गांव अतरौली के नरौरा में गंगा घाट पर होगा। इस दिन पूरे यूपी में सार्वजनिक अवकाश भी रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के निधन की आधिकारिक जानकारी देते हुए प्रदेश में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा भी की।

सीएम योगी ने बताया कि रविवार की शाम कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर अलीगढ़ ले जाया जाएगा। लोगों के दर्शन के लिए वहां स्टेडियम में व्यवस्था हो रही है। अगले दिन सोमवार 23 अगस्त को पार्थिव शरीर उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि अतरौली लाया जाएगा। यहां लोगों के दर्शन के बाद नरौरा में गंगा किनारे अंतिम संस्कार किया जाएगा।

कल्याण सिंह के निधन की खबर मिलते ही शनिवार की देर शाम सीएम योगी पीजीआई पहुंचे। कल्याण सिंह के निधन की घोषणा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ सदस्य कल्याण सिंह जी हमारे बीच नहीं रहे। दो महीने से कल्याण सिंह जी बीमार थे। रात सवा नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। 

सीएम योगी ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान कल्याण सिंह ने जो आदर्श प्रस्तुत किये वो आज भी मानक बने हुए हैं। वह श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के अग्रणी नेता थे। राममंदिर के लिए सत्ता छोड़ने में भी संकोच नहीं किया। विवादित ढांचा गिरने पर नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया था। कल्याण सिंह का जाना न केवल समाज बल्कि भारतीय राजनीति की भी बड़ी क्षति है।

Tags:    

Similar News