झांसी के जमुना प्रसाद कुशवाहा बने उपभोक्ता सहकारी संघ के सभापति: लखनऊ के अशोक द्विवेदी को सभापति की कुर्सी, दोनों पदाधिकारी 'निर्विरोध'..
Lucknow News: झांसी के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद कुशवाहा को उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड का निर्विरोध सभापति/अध्यक्ष चुना गया है।
लखनऊ। झांसी के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद कुशवाहा को उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड का निर्विरोध सभापति/अध्यक्ष चुना गया है। इस महत्वपूर्ण पद के साथ गुरुवार को उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा भी प्रदान किया गया है। जमुना प्रसाद कुशवाहा संघ के कुल 15 निदेशकों (डायरेक्टर) में से निर्विरोध सभापति चुने गए हैं। लखनऊ के अशोक द्विवेदी उपसभापति बने हैं।
इसी के साथ ही उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड के उप सभापति की कुर्सी लखनऊ के अशोक कुमार द्विवेदी को मिल गई है। दोनों ही पदाधिकारियों का निर्वाचन 'निर्विरोध' रहा। निर्वाचन अधिकारी महेंद्र चंद्र चौहान ने बालाकदर रोड स्थित संघ के प्रदेश कार्यालय पर गुरुवार को इसकी औपचारिक घोषणा की। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं सहकारिता चुनाव के प्रभारी रामप्रताप सिंह चौहान, भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक आलोक सिंह, हैफेड के चेयरमैन नवलेश प्रताप सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश प्रादेशिक कोआपरेटिव फेडरेशन के उपसभापति रमाशंकर जायसवाल एवं उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड के निदेशक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया।
निर्वाचन अधिकारी महेश चंद्र गौतम ने बताया कि संघ के 15 निदेशकों ने सभापति पद पर जमुना प्रसाद कुशवाहा और उपसभापति पद पर अशोक कुमार द्विवेदी को निर्विरोध निर्वाचित किया। उन्होंने बताया कि इस 15 निदेशकों में अलीगढ़ क्षेत्र से रमाशंकर शुक्ल, आगरा क्षेत्र से कृष्णकांत शर्मा, आजमगढ़ से दिलीप चतुर्वेदी, कानपुर से भूदेव सिंह, झांसी प्रथम से गणेश जाटव, झांसी द्वितीय से जमुना प्रसाद कुशवाहा, देवीपाटन से विमलेश कुमार, प्रयागराज प्रथम से नमृता चौरसिया, प्रयागराज द्वितीय से सुरेंद्र सिंह चौहान, बार्ली प्रथम से सरोज कुमारी, बरेली द्वितीय से मनोज कृष्ण गुप्ता, मेरठ से सुभाष सिंह, लखनऊ प्रथम से विनोद कुमार मिश्र, लखनऊ द्वितीय से अशोक कुमार द्विवेदी के साथ ही राज्य सरकार से नामित श्याम मोहन गुप्ता पहले से निर्वाचित हो चुके थे।
पूरी निष्ठा से उपभोक्ताओं और सहकारी व्यवस्था के हित में कार्य करेंगे
जमुना प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि पूरी निष्ठा से उपभोक्ताओं और सहकारी व्यवस्था के हित में कार्य करेंगे। निदेशकों ने विश्वास जताया है कि उनके अनुभव और कार्यशैली से सहकारी संघ को नई दिशा और गति मिलेगी। झांसी जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। जगह-जगह स्वागत कार्यक्रमों और बधाई संदेशों का सिलसिला लगातार जारी है।