MP News: बोलने के लिए कम समय मिला तो नाराज हो गए केंद्रीय मंत्री खटीक, मंच पर ही हुआ मान मनौअल

Update: 2025-06-29 06:12 GMT

बोलने के लिए कम समय मिला तो नाराज हो गए केंद्रीय मंत्री खटीक

मध्यप्रदेश। टीकमगढ़ के पृथ्वीपुर में आयोजित कार्यक्रम में जो हुआ वह भाजपा के लिए बड़ा असहज करने वाला पल था। कुछ मिनट के लिए ऐसी स्थिति बन गई कि, मानो अब झगड़ा बड़ा होने वाला है। इस असहज स्थित का कारण मंच पर बोलने के लिए कम समय देना बताया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री खटीक बोलने के दौरान टोकने से इतने नाराज हो गए कि, उन्होंने मंच से ही अपनी नाराजगी जाहिर कर दी। इसके बाद मंच पर कुछ मिनटों तक मान मनौअल चलता रहा।

दरअसल, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक, भाजपा नेता शैतान सिंह पाल पर भड़क गए थे। शैतान सिंह पाल ने उन्हें उनके भाषण के दौरान टोक दिया था। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और एमपी कैबिनेट के मंत्री भी मौजूद थे। विवाद के दौरान सभी नेता मंच पर ही मौजूद थे।

शनिवार को यह कार्यक्रम आयोजित हुआ था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस कार्यक्रम में खुद डेढ़ घंटा देरी से पहुंचे। लिहाजा बोलने के लिए सभी नेताओं को समय भी कम मिला। जब केंद्रीय मंत्री खटीक बोलने के लिए मंच पर आए तो कुछ मिनट बाद उन्हें पूर्व राज्य मंत्री शैतान सिंह पाल द्वारा रोक दिया गया।

जब शैतान सिंह पाल, खटीक को इशारा कर रहे थे तब अचानक खटीक तिलमिला गए। वे कार्यक्रम से जाने लगे, यह देखते हुए पाल ने खटीक से मंच पर ही माफी मांगी और उन्हें जाने से रोकने लगे। केंद्रीय मंत्री खटीक ने मंच पर ज्यादा रिऐक्ट न करते हुए दो मिनट तक बोला और फिर कार्यक्रम से निकल गए।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद मंच पर मौजूद अन्य भाजपा नेताओं के चेहरे असहज नजर आए। खटीक या अन्य किसी भाजपा नेता द्वारा इस मामले पर कोई स्पष्टीकरण या बयान नहीं दिया गया है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है।

देखिये वीडियो :

Tags:    

Similar News