बाबा महाकाल की शरण में टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर, भस्म आरती में मांगा जीत का आशीर्वाद

Update: 2026-01-16 04:06 GMT

इंदौर में होने वाले निर्णायक मुकाबले से पहले टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर ने मैदान से पहले आस्था का रुख किया. शुक्रवार तड़के वे उज्जैन पहुंचे और बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर टीम इंडिया की जीत की कामना की।

भस्म आरती में हुए शामिल, नंदी हॉल में लगाया ध्यान

गौतम गंभीर शुक्रवार सुबह महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के दर्शन किए. इसके बाद बाबा महाकाल की विधिवत पूजा-अर्चना की और जल अर्पित किया। करीब दो घंटे तक वे मंदिर परिसर में रहे. इस दौरान उनके साथ टीम इंडिया के बैटिंग कोच शीतांशु कोटक भी मौजूद रहे। दोनों गुरुवार रात ही उज्जैन पहुंच गए थे और सुबह सबसे पहले भस्म आरती में शामिल हुए।

बाबा से जीत की कामना

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज इस वक्त 1-1 की बराबरी पर है. ऐसे में 18 जनवरी को इंदौर में होने वाला तीसरा वनडे मुकाबला निर्णायक होगा। जो टीम यह मैच जीतेगी, सीरीज उसी के नाम होगी.इसी अहम मुकाबले से पहले गौतम गंभीर ने बाबा महाकाल से जीत का आशीर्वाद मांगा। दर्शन के बाद वे इंदौर के लिए रवाना हो गए, जहां भारतीय टीम प्रैक्टिस सेशन शुरू करेगी.

मंदिर समिति ने किया सम्मान

महाकाल मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने गौतम गंभीर और शीतांशु कोटक का स्वागत किया। उन्हें अंगवस्त्र और बाबा महाकाल का छायाचित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। गंभीर ने मंदिर में चल रही व्यवस्थाओं की सराहना भी की।

पहले भी परिवार संग आ चुके हैं

गौतम गंभीर की बाबा महाकाल के प्रति आस्था किसी से छिपी नहीं है। वे इससे पहले भी अपने पूरे परिवार के साथ महाकाल के दर्शन कर चुके हैं। अब तक वे चार बार बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हो चुके हैं. गंभीर जब भी इंदौर आते हैं, उज्जैन जाकर बाबा के दर्शन जरूर करते हैं.

बाबा जब बुलाएंगे, जरूर आऊंगा-गंभीर

दर्शन के बाद गौतम गंभीर ने कहा, यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे बाबा महाकाल के दर्शन का अवसर मिला। बाबा जब-जब बुलाएंगे, मैं जरूर आऊंगा।”

इंदौर में दो दिन प्रैक्टिस करेगी टीम इंडिया

भारत और न्यूजीलैंड दोनों टीमें इंदौर पहुंच चुकी हैं। निर्णायक मुकाबले से पहले टीम इंडिया यहां दो दिन तक प्रैक्टिस करेगी। रविवार को होने वाले मैच को लेकर फैंस में भी जबरदस्त उत्साह है।

Similar News