Pragya Thakur: मालेगांव केस में बरी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पहुंची भोपाल, कहा- 'मुझे उम्मीद थी जीत हमारी होगी'

Update: 2025-08-03 04:52 GMT

Sadhvi Pragya Thakur

मध्यप्रदेश। मालेगांव केस में बरी होने के बाद पूर्व भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर रविवार सुबह भोपाल पहुंची। राजा भोज एयरपोर्ट पर उनके समर्थक उनका स्वागत करने पहुंचे। मीडिया से बात करते हुए साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा - 'मुझे उम्मीद थी जीत हमारी होगी।' NIA की विशेष अदालत ने साध्वी प्रज्ञा समेत अन्य आरोपियों को सबूतों की कमी के चलते बरी कर दिया था।

राजा भोज हवाईअड्डे पर पहुंची पूर्व बीजेपी सांसद साधवी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा, "सच्चाई की जीत हुई है और उसकी जीत होनी ही थी। देशद्रोहियों और गद्दारों के चेहरे काले हो गए हैं। उन्हें जवाब मिल गया है। यह देश हमारी आस्था और सच्चाई के साथ खड़ा है और हमेशा रहेगा। मालेगांव विस्फोट पर अदालत का फैसला भगवा को आतंक बताने वालों के लिए करारा तमाचा है।"

मुंबई की एक विशेष एनआईए कोर्ट ने 2008 के मालेगांव बम धमाके केस में बड़ा फैसला सुनाते हुए साध्वी प्रज्ञा समेत सभी 7 आरोपियों को बरी कर दिया है। अदालत ने कहा था कि 'आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता, क्योंकि कोई भी धर्म हिंसा की वकालत नहीं करता है।' कोर्ट ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने का आदेश भी दिया है।

जज के सामने भावुक हुईं थी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर :

बरी हुए आरोपियों में पूर्व भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित, रिटायर्ड मेजर रमेश उपाध्याय, सुधाकर चतुर्वेदी, अजय राहिरकर, सुधाकर धर द्विवेदी और समीर कुलकर्णी शामिल हैं। फैसले के बाद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर कोर्ट में भावुक हो गईं थी और जज लाहोटी के सामने उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा था कि, 'मैंने वर्षों तक अपमान सहा, कई बार संघर्ष किया। मुझे तब कलंकित किया गया जब मैं दोषी नहीं थी।

Tags:    

Similar News