सड़क सुरक्षा ऑडिट और दुर्घटना जांच के लिए प्रशिक्षित होंगे तकनीकी स्वयंसेवक
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, जीवन बचाने और सामुदायिक भागीदारी से भविष्य के लिए प्रमाणित सड़क सुरक्षा ऑडिटरों का कुशल नेटवर्क तैयार करने के उद्देश्य से, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर मध्य प्रदेश के नौ जिलों का चयन कर उनमें सड़क सुरक्षा मित्र कार्यक्रम शुरू किया जाएगा.
जाने कौन-कौन होंगे शामिल
कार्यक्रम के लिए दो प्रकार के स्वयंसेवकों को शामिल किया जाएगा। सामान्य स्वयंसेवक सड़क सुरक्षा के संबंध में जागरूक होंगे और दुर्घटना के तुरंत बाद सहयोग करेंगे, जबकि तकनीकी स्वयंसेवक, जिनमें इंजीनियरिंग स्नातक शामिल होंगे, उन्हें सुरक्षा ऑडिट और दुर्घटना जांच के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा.
सेव लाइफ फाउंडेशन और आईआईटी मद्रास सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर रोड सेफ्टी द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में प्राथमिक चिकित्सा और प्रथम सहयोगकर्ता के व्यवहार, दुर्घटना जांच की मूल बातें, सड़क सुरक्षा ऑडिट और ब्लैक स्पॉट की पहचान शामिल होगी. सफल प्रतिभागियों को आईआईटी मद्रास द्वारा सड़क सुरक्षा ऑडिटर के रूप में प्रमाणित किया जाएगा, जिससे भविष्य में करियर के अवसर खुल सकेंगे. प्रमाणित स्वयंसेवकों को सरकारी परियोजनाओं और सड़क सुरक्षा पहलों में भागीदारी के अवसर देकर प्रोत्साहित किया जाएगा.
अभी कुल नौ जिले चिन्हित
कार्यक्रम के लिए अभी कुल नौ जिले चिन्हित किए गए हैं। इनमें छिंदवाड़ा, धार, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, खरगोन, रीवा, सागर और सतना शामिल हैं। इन जिलों के इच्छुक व्यक्ति अपने जिले के कलेक्टर कार्यालय में संपर्क कर प्रशिक्षण में शामिल हो सकते हैं।
केन्द्र सरकार के इस कार्यक्रम का उद्देश्य है
सड़क सुरक्षा जागरूकता और आपातकालीन सहायता में समुदाय को शामिल करना, प्रशिक्षित सड़क सुरक्षा ऑडिटरों का एक समूह तैयार करना, ताकि इस क्षेत्र में कुशल पेशेवरों की कमी को दूर किया जा सके और स्वयंसेवकों को प्रमाणन और सरकारी परियोजनाओं में भागीदारी के माध्यम से भविष्य का मार्ग दिखाया जा सके।