Khandwa Rape Case: खंडवा रेप केस पर कांग्रेस ने किए सरकार से तीखे सवाल, विक्रांत भूरिया बोले - कानून व्यवस्था बेलगाम

Update: 2025-05-26 08:12 GMT

Khandwa Rape Case

Khandwa Rape Case : मध्यप्रदेश। खंडवा में हुए रेप केस को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमलावर है। पीड़िता की मौत हो गई है और पुलिस - प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। वहीं इस मामले पर आदिवासी कांग्रेस के चेयरमैन विक्रांत भूरिया ने कहा है कि, 'कानून व्यवस्था बेलगाम हो गई है।'

विक्रांत भूरिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा - "आज हमारे देश में जिस तरह के जघन्य अपराध हो रहे हैं, उसे देखकर हमारी रूह कांप जाती है। खंडवा में एक ऐसी घटना हुई है, जिसमें एक 45 साल की आदिवासी महिला के साथ सामूहिक बलात्कार हुआ। आरोपियों ने शराब के नशे में महिला के प्राइवेट पार्ट में सरिया डालकर उसे बुरी तरह घायल कर दिया, जिससे पीड़ित महिला की तड़प-तड़पकर मौत हो गई।"

"जब डॉक्टरों ने महिला का पोस्टमॉर्टम किया तो वे भी ऐसा भयावह अपराध देखकर दंग रह गए। मध्य प्रदेश के खंडवा में ये अपराध सामने आया है, लेकिन प्रशासन मौन बैठा है। हमारा सीधा सवाल सरकार से है - क्या मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बेलगाम हो गई है? जब मुख्यमंत्री ही गृह मंत्री हैं तो क्या ऐसी घटनाएं होनी चाहिए? मोहन यादव के CM बनने के बाद से बलात्कार की घटनाएं 18% तक बढ़ गई हैं।"

"आदिवासी महिलाओं के साथ अपराध के मामले में ये आंकड़ा 26% तक जा पहुंचा है। राज्य की BJP सरकार का शराब माफियाओं और अपराधियों पर कोई नियंत्रण नहीं है। मध्य प्रदेश रेप कैपिटल और शराब कैपिटल बनता जा रहा है।"

खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र के एक गांव में 45 वर्षीय महिला के साथ रेप की वारदात हुई। महिला अपने पड़ोस के ही एक घर में बेहोशी की हालत में मिली थी और उसे तेज ब्लीडिंग हो रही थी। डॉक्टरों की शुरुआती रिपोर्ट में महिला के प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे दुष्कर्म की पुष्टि होती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News