भोपाल में पशुवध गृह की आवश्यकता नहीं है। यह अनिवार्य नहीं कि निगम इन्हें चलाए। यहां पशुबद्ध केवल बाहर के लिए किया जा रहा है, न कि राजधानी के लिए। राजधानी को मांस की मंडी नहीं बनने दी जाएगी। भोपाल में पशुवध गृह नहीं चलने देंगे। यह निर्णय मंगलवार को भोपाल निगम परिषद की बैठक में अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने स्पष्ट रूप से दिया।
अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई
अध्यक्ष सूर्यवंशी ने कहा कि भोपाल में पशुवध गृह में गौवंश की हत्या से पूरा शहर आक्रोशित है और इस अपराध को सहन नहीं किया जाएगा। जो भी अधिकारी, कर्मचारी या ठेकेदार दोषी होंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि दोषियों पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर बर्खास्तगी की जाएगी। साथ ही निगमायुक्त को निर्देश दिए गए कि संचालक फर्म को निगम से जीवनपर्यंत ब्लैकलिस्ट किया जाए और 11 कर्मचारियों को निलंबित किया जाए.
अध्यक्ष सूर्यवंशी ने यह भी कहा कि जब राष्टवादी संगठनों ने प्रदर्शन कर एफआईआर कराई, तब तक निगम प्रशासन क्या कर रहा था. तथ्यों की जांच के बाद निगम भी एफआईआर कराएगा। राजधानी में गौकशी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विपक्ष ने किया वॉकआउट
गौमांस प्रकरण पर महापौर मालती राय ने स्पष्ट किया कि निविदा से कार्यादेश तक की कार्रवाई एमआईसी के माध्यम से नहीं हुई। इस काम के केवल एक छोटे हिस्से को एमआईसी ने अनुमति दी. उन्होंने कहा कि भोपाल में किसी भी तरह का पशुवध गृह बंद होना चाहिए और बकरा या बकरी खाने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए. एमआईसी ने गाय काटने की अनुमति नहीं दी है.
कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने वॉकआउट किया. महापौर ने कहा कि विपक्ष का फोकस वाडों के विकास पर नहीं, बल्कि अधिकारियों पर दबाव बनाने पर रहता है. विपक्ष नहीं चाहता था कि प्रस्ताव पास हों और मुफ्त के पानी, सीवेज और नल कनेक्शन का शुल्क देना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र केवल एक विवाह के लिए जारी होता है।
एमआईसी पर कार्रवाई के लिए अड़ा विपक्ष
विपक्ष का आरोप था कि स्लॉटर हाउस के संचालन को 25 अक्टूबर 2025 को एमआईसी ने मंजूरी दी। इसलिए दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ महापौर एवं एमआईसी पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। सत्तापक्ष ने कहा कि स्लॉटर हाउस का प्रस्ताव 2022 में आया था, जब निगम परिषद का गठन नहीं हुआ था। एमआईसी ने केवल एक चरण को आगे बढ़ाने की अनुमति दी थी और गौहत्या की अनुमति नहीं दी थी.
अध्यक्ष ने कहा कि जब शासन स्तर की कमेटी जांच करेगी, तो सभी पक्षों की जांच होगी। भोजन अवकाश के पहले विपक्ष ने आसंदी घेरकर प्रदर्शन किया और बाद में सदन में धरना देकर नारेबाजी की। भोजन अवकाश के बाद अध्यक्ष ने प्रस्तावों पर चर्चा शुरू की, तब विपक्ष ने बहिर्गमन कर दिया।
कार्रवाई और निलंबन
829 कॉलोनियों में बल्क कनेक्शन के स्थान पर व्यक्तिगत घरेलू नल कनेक्शन दिए जाने और पंजीयन शुल्क में कटौती के प्रस्ताव बहुमत से पारित हुए।
स्लॉटर हाउस में गौवध के विरोध में भाजपा पार्षद देवेन्द्र भार्गव ने जेकेट पर 'कटती गैया करे पुकार, बंद करो ये अत्याचार' लिखकर पर्चे चिपकाए और आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने के विरोध में इस्तीफा दे दिया। हालांकि अध्यक्ष श्री सूर्यवंशी ने इसे अस्वीकार कर दिया।
अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए निगमायुक्त संस्कृति जैन को निर्देश दिए गए। पशु चिकित्सक बेनी प्रसाद गौर और पशुवध गृह से जुड़े सभी 11 कर्मचारियों (सभी मुस्लिम) को तुरंत निलंबित कर दिया गया। एमआईसी सदस्य रविन्द्र यति ने सभी निलंबित कर्मचारियों के नाम पढ़कर सुनाए और आरोप लगाया कि भोपला मध्य विधानसभा के एक नेता को बचाने के लिए विपक्ष झूठ बोलकर कार्रवाई को बाधित कर रहा है।
सत्ता और विपक्ष दोनों के पार्षदों ने दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। सत्तापक्ष ने दोषियों को फांसी की सजा देने तक की मांग की। अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने दोनों पक्षों की मांग का समर्थन किया और कहा कि इसमें कोई दोषी नहीं बचेगा। पहले उन्होंने संयुक्त कमेटी गठित करने के लिए सदस्यों के नाम मांगे, लेकिन विपक्ष की आपत्ति के बाद शासन स्तर से कमेटी गठित कर जांच कराने की व्यवस्था की गई।