भोपाल: धार्मिक आयोजन में शामिल दलित युवक की हत्या, दो से तीन आरोपी गिरफ्तार
मध्यप्रदेश। भोपाल में धार्मिक यात्रा के दौरान एक दलित युवक की हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान युवराज वंशकार के रूप में हुई है। मृतक के माता - पिता आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि, यह घटना हनुमानगंज थाना क्षेत्र की है। यहां एक धार्मिक यात्रा निकाली जा रही थी। तभी 8 से 10 लोग आए और हमला कर दिया। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी मामले पर संज्ञान लिया है। मृतक के भाई का कहना है कि, मामूली धक्का - मुक्की के चलते विवाद हुआ था।
पुलिस का कहना है कि, मृतक और आरोपियों में पहले से कोई रंजिश नहीं थी। इस घटना का जुलूस से कोई लेना - देना नहीं था। दो से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सिंधी कॉलोनी में रहने वाले आदित्य राम द्वारा राम जी शोभा यात्रा निकाली गई थी। इस रैली की परमिशन भी ली गई थी। रैली खत्म होने के बाद कुछ लोग आए और चाकू - छुरी से हमला कर दिया। विवाद धक्का - मुक्की को लेकर हुई थी। मृतक ललितपुर का रहने वाला था। वह अपने परिजनों के यहां भोपाल आया था।