नेशनल हाईवे 44 पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक से भिड़ा बम निरोधक दस्ते का वाहन, 4 जवानों की मौत, एक गंभीर
सागर जिले से गुजरे नेशनल हाईवे 44 के बादरी-मालथौन में गंभीर सड़क हादसा हो गया। बम डिस्पोजल दस्ता (बीडीएस) की गाड़ी एक ट्रक से टकरा गई। जवान ड्यूटी खत्म कर लौट रहे थे।
सागरः जिले में नेशनल हाईवे 44 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बुधवार तड़के 4 बजे बादरी-मालथौन के पास एक बम निरोधक दस्ते की गाड़ी ट्रक से टकरा गई। भयावह हादसे में 4 जवानों की मौत हो गई। वहीं, एक जवान गंभीर हालत में इलाजरत है। हादसा तब हुआ जब जवान ड्यूटी कर वापस लौट रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, जवानों का वाहन मुरैना से ड्यूटी कर सागर वापस लौट रहा था। इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर निर्दोष ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी की बम निरोधक वाहन के परखच्चे उड़ गए। वहीं, अंदर सवार 5 में से 4 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक गंभीर घायल हो गया।
हादसे में इन जवानों की गई जान
फिलहाल हादसे का वास्तविक कारण सामने नहीं आ सका है। पुलिस ने शवों को बरामद कर पीएम के लिए भिजवाया है। वहीं, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में जिन लोगों की जान गई है उनकी पहचान हो गई है। जान गंवाने वालों में- प्रधुमन दीक्षित (मुरैना), अमन कौरव (मुरैना), परमलाल तोमर(ड्राइवर), मुरैना और विनोद शर्मा (डॉग मास्टर), (भिंड) के रूप में हुई है।
कॉन्स्टेबल घायल, डॉग सुरक्षित बचा
हादसे में कॉन्स्टेबल राजीव चौहान (मुरैना) गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसका इलाज बंसल अस्पताल में चल रहा है। इस हादसे में एक डॉग भी वाहन में सवार था। वह हादसे में सुरक्षित बच गया है।वन वे बना हुआ है हाईवे
पुलिस ने बताया कि नेशनल हाईवे 44 पर काम लगा हुआ है। इसके चलते घटनास्थल से एक से डेढ़ किमी पहले ही वन वे शुरू हो जाता है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि सामने से आ रहे कंटेनर जवानों को दिखाई नहीं दिया और टक्कर हो गई। हालांकि वास्तविक वजह क्या है। इसकी जांच की जा रही है।