माहौल खराब करने की कोशिश: माता मंदिर के पास फेंके मांस के टुकड़े, हिंदू संगठनों ने जताई नाराजगी, धार्मिक भावनाएं भड़काने का केस दर्ज…
सीसीटीवी फुटेज देखकर जांच कर रही पुलिस
रतलाम। ऊंकाला रोड पर स्थित शीतला माता मंदिर के पास रविवार सुबह मांस के टुकड़े मिलने से सनसनी फैल गई। मंदिर के पुजारी सुबह पहुंचे तो उन्हें मंदिर के बाहर नाले की फर्शी पर मांस के टुकड़े दिखे। उन्होंने तुरंत अपने परिचितों को सूचना दी। कुछ लोग स्टेशन रोड थाने पहुंचे।
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया व स्टेशन रोड थाना टीआई स्वराज डाबी समेत पुलिस अमला मौके पर पहुंचा। आसपास के लोगों से चर्चा की। मंदिर के पुजारी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया।
क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बोले- तत्काल कार्रवाई करें
शीतला माता मंदिर के पुजारी रवि पिता सुनील प्रजापत रविवार सुबह करीब 7 बजे मंदिर का पट खोलने पहुंचे। साफ-सफाई के दौरान उनकी नजर मंदिर परिसर की दीवार के बाहर नाले के ऊपर फर्शी पर गई। जहां मांस के टुकड़े रखे हुए थे।
क्षेत्रवासियों को इस बारे में बताकर परिचित संदीप कसेरा व राज शर्मा को बताया। सूचना मिलने पर हिंदू जागरण मंच के कमलेश्वर ग्वालियरी व अन्य जन पहुंचे। कमलेश्वर ने पुलिस नवे कहा कि आरोपियों को तत्काल पकड़कर कार्रवाई करें।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे तलाशे। सफाईकर्मियों को बुलाकर मांस के टुकड़े उठवाकर अन्यत्र फिकवाए। नगर निगम से फायर बिग्रेड बुलाकर परिसर को साफ कराया। घटना से क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। मंदिर के पुजारी रवि प्रजापत की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने का केस दर्ज किया है। पुलिस जांच में जुटी है।
जिस जगह मांस के टुकड़े फेंके गए उस जगह दो गाय आकर खड़ी थी। गाय सूंघ रही थी तभी मांस के टुकड़ों की जानकारी लगी।