SwadeshSwadesh

मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे हीरालाल

Update: 2019-03-23 16:28 GMT

राहुल, शिवराज और दिग्विजय के खिलाफ बड़े चेहरे उतारेगा सपाक्स

भोपाल/राजनीतिक संवाददाता। विधानसभा चुनाव के बाद एक बार फिर अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति संरक्षण अधिनियम (एट्रोसिटी एक्ट) का जिन्न बोतल से बाहर निकल सकता है। सपाक्स अध्यक्ष हीरालाल त्रिवेदी ने लोकसभा चुनाव में संगठन से उम्मीदवार उतारने का दावा किया है।

पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह के खिलाफ लोकसभा चुनाव लडऩे का ऐलान करने वाल सपाक्स मुखिया हीरालाल त्रिवेदी ने एक नया बयान दिया है। जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ चुनाव लडऩे की बात कही है। उन्होंने कहा कि मैं पीएम मोदी के खिलाफ वाराणसी सीट से चुनाव लड़ूंगा, जबकि राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, दिग्विजय सिंह, जहां से चुनाव लड़ेंगे, वहां से सपाक्स अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेगा। साल 2018 के अंत में हुये विधानसभा चुनावों में भाजपा ने तीन राज्य गवां दिये थे। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में भाजपा की हार की वजहों में एट्रोसिटी एक्ट का विरोध भी शामिल रहा. ऐसे में लोकसभा चुनाव में सपाक्स संगठन के उम्मीदवार बीजेपी-कांग्रेस दोनों दलों की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं। हीरालाल त्रिवेदी ने कहा कि कुछ लोग देश की राजनीति में जातिवाद घोलना चाहते हैं। इसलिये संगठन ने देश के नौ राज्यों में चुनाव लडऩे की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह के खिलाफ भी वह अपना उम्मीदवार मैदान में उतारेंगे। क्योंकि जब दिग्विजय सिंह मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब आरक्षण में पदोन्नति नियम लागू किया गया था. उन्होंने दिग्विजय सिंह पर शासकीय मशीनरी को दो फाड़ करने का आरोप भी लगाया। हीरालाल त्रिवेदी ने प्रत्याशियों के ऐलान पर कुछ नहीं बोला, इतना जरूर कहा कि बड़े चेहरों को टिकट दिया जाएगा। हाल ही में केंद्र सरकार ने सवर्णों को दस प्रतिशत आरक्षण देने का पैंतरा आजमाया था, जिससे माना जा रहा था कि अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति संरक्षण अधिनियम (एट्रोसिटी एक्ट) का जिन्न हमेशा के लिये बोतल के अंदर चला जाएगा, लेकिन वह एक बार फिर उठ खड़ा है, जो लोकसभा चुनाव में भाजपा-कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा सकता है।

Similar News