मध्यप्रदेश के संतरे और केले के उत्पादन पर संकट: चीन ने विशेष फर्टिलाइजर के भारत निर्यात पर लगाई रोक…
दीपक उपाध्याय, नई दिल्ली। मध्यप्रदेश में केला, संतरे और आम की फसल पर आने वाले समय में बुरा असर पड़ सकता है। दरअसल चीन ने बागवानी के लिए इस्तेमाल किया जाने वाले विशेष फर्टिलाइजर्स के भारत को निर्यात पर रोक लगा दी है।
पिछले दो तीन महीनों से भारत में इस विशेष फर्टिलाइजर की भारी कमी हो गई है, इससे केला, संतरा और आम जैसे फल के पेड़ों को यह खाद नहीं मिल पा रही है।
इंडस्ट्री के जानकारों के मुताबिक भारत में बागवानी के लिए कुछ विशेष फर्टिलाइजर का इस्तेमाल होता है, जोकि चीन से ही आयात किए जाते हैं।
इन विशेष फर्टिलाइजर्स में वाटर सॉल्युबल फर्टिलाइजर, लिक्विड फर्टिलाइजर और कंट्रोल रिलीज फर्टिलाइजर शामिल होते हैं, जोकि पेड़ों या फल वाले पौधों में दिए जाते हैं। इन फर्टिलाइजर से पेड़-पौधों पर लगने वाले फलों की उत्पादकता बढ़ जाती है।
भारत सरकार पिछले कुछ सालों से फलों के मामलों में दुनिया में प्रमुख निर्यातक देश बनने की कोशिश में है, लेकिन चीन पिछले कुछ सालों से यह विशेष फर्टिलाइजर भारत भेजने पर रोक लगा रहा है। इससे भारत की बागवानी का उत्पादन भी गिर रहा है।
इन विशेष फर्टिलाइजर्स को आयात करने वाली कंपनियों की एसोसिएशन सॉल्युबल फर्टिलाइजर इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव चक्रबर्ती ने बताया कि भारत में आयात होने वाले इन विशेष फर्टिलाइजर में से 80 प्रतिशत फर्टिलाइजर चीन से आयात किया जाता है। चीन पिछले चार पांच सालों से इन विशेष फर्टिलाइजर्स को भारत में भेजने को धीरे धीरे कम कर रहा था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से इसपर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। चीन के अधिकारी भारत जाने वाले केंटेनर्स का क्लीयरेंस नहीं दे रहे हैं।
इससे पहले चीन ने भारत में महत्वपूर्ण मैग्नेट के निर्यात पर भी रोक लगा दी थी, इससे भारत में कारों के बनाने में परेशानी आने लगी है। हालांकि भारत में इन विशेष फर्टिलाइजर्स के अन्य देशों से आयात में भी समय लगेगा। ऐसे में भारत के फल उत्पादन पर बड़ा नकारात्मक असर पड़ सकता है।
मध्यप्रदेश सातवें नंबर है...
भारत में फल उत्पादन के मामले में मध्यप्रदेश सातवें नंबर पर है। मध्यप्रदेश में धीरे धीरे संतरे और अन्य फलों की खेती बढ़ रही है। खासकर संतरों के पेड़ों को इस मौसम यह फर्टिलाइजर्स दिए जाते हैं, ताकि संतरे पर फूल अच्छा आए, अब जबकि यह गैर सब्सिडी वाला फर्टिलाइजर देश में आ ही नहीं रहा तो ऐसे में संतरे की फसल पर खासा नकारात्मक असर पड़ सकता है।