SwadeshSwadesh

प्रमोद सावंत गोवा के नए मुख्यमंत्री

Update: 2019-03-18 19:21 GMT

सुदिन धवलीकर और विजय सरदेसाई उप मुख्यमंत्री

पणजी/स्व.स.से.। मनोहर पर्रिकर के अंतिम संस्कार के एक घंटे के भीतर ही विधायक दल की बैठक में राज्य का अगला मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को चुना गया। बैठक में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मौजूद थे। महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी के सुदिन धवलीकर और गोवा फॉरवर्ड पार्टी के विधायक विजय सरदेसाई दोनों उप मुख्यमंत्री होंगे। दरअसल महाराष्ट्र गोमांतक पार्टी के विधायक सुदिन धवलीकर ने भी मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जताई थी। हालांकि, विधायकों की राय जानने के बाद गोवा में मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्रियों का फॉर्मूला लागू किया गया। मुख्यमंत्री सावंत उत्तरी गोवा स्थित सैनक्वलिम विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह पेशे से एक आयुर्वेद चिकित्सक हैं। सावंत की गिनती पर्रिकर के करीबियों में होती थी। 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में इस समय 36 विधायक हैं। भाजपा विधायक फ्रांंसिस डिसूजा का पिछले महीने निधन हो गया था, जबकि कांग्रेस के 2 विधायकों ने पिछले साल इस्तीफा दे दिया था।प्रमोद सावंत दो बार विधायक बन चुके हैं, इससे पहले वे भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी थे।

गोवा विधानसभा का मौजूदा गणित

दो विधायकों मनोहर पर्रिकर और फ्रांसिस डिसूजा के निधन तथा दो विधायकों के इस्तीफे के बाद राज्य की 40 सदस्यीय विधानसभा में मौजूदा संख्या बल 36 ही रह गया है। इस वजह से फिलहाल राज्य में बहुमत का आंकड़ा 19 सीटों का है। सत्तारूढ़ भाजपा के पास 12 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 14 विधायक हैं। महाराष्ट्र गोमंतक पार्टी और गोवा फॉरवर्ड पार्टी के 3-3 विधायक हैं। इतने ही, यानी 3 विधायक निर्दलीय हैं। एक विधायक एनसीपी का भी है। पर्रिकर सरकार को महाराष्ट्र गोमंतक पार्टी, गोवा फॉरवर्ड पार्टी और 3 निर्दलीयों को समर्थन हासिल था।

आज फिर राजभवन पहुंची कांग्रेस

कांग्रेस के विधायकों ने सोमवार को राज्यपाल मृदुला सिन्हा से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। विपक्ष के नेता चंद्रकांत कावलेकर के नेतृत्व में सभी 14 कांग्रेसी विधायक राज भवन गए और सिन्हा को यह कहते हुए एक पत्र सौंपा कि उनकी पार्टी विधानसभा में सबसे बड़ा दल है और उन्हें सरकार बनाने की अनुमति दी जानी चाहिए। कांग्रेस राज्य में अभी सबसे बड़ी पार्टी है।

पंचतत्व में विलीन हुए पर्रिकर, बेटे ने दी मुखाग्नि


गोवा के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री रहे मनोहर पर्रिकर का गोवा के ही मीरामार बीच पर राजकीय सम्मान के साथ पर्रिकर का अंतिम संस्कार किया गया। मनोहर पर्रिकर के बेटे ने उनको मुखाग्नि दी। मनोहर पर्रिकर को अंतिम विदाई देने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अध्यक्ष अमित शाह, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और कई अन्य नेता भी गोवा पहुंचे। सोमवार को अंतिम दर्शन के लिए उनका शव कला अकादमी में रखा गया। जहां से मीरामार बीच तक पर्रिकर की अंतिम यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर पर्रिकर के दोनों बेटे भी थेे। प्रधानमंत्री मोदी ने भी उनके दोनों बेटों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।

Similar News